इन्दौर (ईएमएस) पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल द्वारा मंडल क्षेत्रों से होकर गुजरने वाली कुछ महत्वपूर्ण ट्रेनों के संचालन में उत्तर रेलवे के धुरी स्टेशन पर किए जा रहे डबलिंग कार्य के चलते परिवर्तन किया है। रेलवे के अनुसार उत्तर रेलवे के धुरी स्टेशन पर किए डबलिंग कार्य के तहत लाइनों ल-5, ल-4 और ल-3 पर प्री-नॉन इंटरलॉकिंग (पीएनआई) एवं नॉन-इंटरलॉकिंग (एनआई) कार्य किए जाएंगे। राजपुरा-बठिंडा सेक्शन में हो रहे इस तकनीकी कार्य के कारण पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल से आने जाने वाली ट्रेनें प्रभावित होगी। रेलवे जनसंपर्क अधिकारी खेमराज मीना के अनुसार गाड़ी संख्या 22941 इंदौर-उधमपुर एक्सप्रेस 8, 15, 22, 29 दिसंबर 2025 तथा 5, 12, 19, 26 जनवरी 2026 और 2 फरवरी 2026 को इंदौर से चलने वाली यह ट्रेन वाया नई दिल्ली-अंबाला कैंट-लुधियाना होकर चलेगी। वहीं वापसी में गाड़ी संख्या 22942 उधमपुर-इंदौर एक्सप्रेस अंबाला कैंट-नई दिल्ली होकर इंदौर आएगी। रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा प्रारम्भ करने से पहले समय सारणी अवश्य चेक कर लें।