05-Dec-2025
...


MSP, बिजली–खाद संकट और मुआवज़े की मांग पर गरजे पूर्व मंत्री हर्ष यादव -केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान का पुतला दहन मुख्यमंत्री मोहन यादव मुर्दाबाद के नारे के साथ दिया 6 सूत्री मांगों को लेकर राज्यपाल के नाम देवरी एसडीएम को दिया ज्ञापन - कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान की निकली शव यात्रा देवरी/सागर (ईएमएस)। देवरी विधानसभा में आज शुक्रवार को किसानों का गुस्सा सड़कों पर फूट पड़ा। खरीफ फसलों के नुकसान, राहत राशि में देरी, समर्थन मूल्य की अनियमितताओं और बिजली–खाद संकट को लेकर कांग्रेस द्वारा आयोजित ‘किसान जन आक्रोश रैली’ में क्षेत्रभर से किसान अपने–अपने ट्रैक्टरों के साथ बड़ी संख्या में शामिल हुए। रैली ने पूरे नगर को आंदोलन के माहौल में बदल दिया।रैली की शुरुआत कांग्रेस कार्यालय, छीर बायपास से हुई। वहां से ट्रैक्टरों का लंबा काफिला नगर के मुख्य मार्गों से गुजरता हुआ कृषि मंडी प्रांगण पहुंचा। रास्तेभर किसानों ने सरकार की नीतियों के खिलाफ जोरदार नारेबाज़ी की। मंडी प्रांगण में आयोजित सभा में पूर्व मंत्री हर्ष यादव और कांग्रेस जिलाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह मुहासा ने किसानों की समस्याओं पर तीखा हमला बोला। वक्ताओं ने आरोप लगाया कि सरकार किसान विरोधी नीतियों पर चल रही है और संकटग्रस्त किसानों को राहत देने में नाकाम रही है।सभा को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री हर्ष यादव ने भाजपा सरकार पर जमकर निशाना सदा। उन्होंने कहा भारतीय जनता पार्टी की सरकार कहा था कि किस की आय दुगनी करेंगे पर किसान आज भी कर्ज के बोझ के तले दबा हुआ है। ज्ञापन के माध्यम से कांग्रेस ने किसानों के इन मुद्दे को उठाया है मक्का का घोषित ₹2400 प्रति क्विंटल MSP अभी तक किसानों को नहीं मिल रहा।धान का MSP बढ़ाकर ₹3100 प्रति क्विंटल किया जाए। सोयाबीन का MSP ₹6000 प्रति क्विंटल तय किया जाए। किसानों को निर्बाध एवं पर्याप्त बिजली उपलब्ध कराई जाए। अघोषित विद्युत कटौती पर तत्काल रोक लगे। खाद–उर्वरक समय पर उपलब्ध कराया जाए। प्राकृतिक आपदा से क्षतिग्रस्त फसलों का मुआवजा तुरंत मिले। मेहनतकश किसानों का कर्ज माफ किया जाए।सभा के बाद किसानों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कृषि मंडी में भाजपा सरकार का पुतला दहन कर विरोध दर्ज कराया। इसके बाद ब्लॉक कांग्रेस कमेटी का प्रतिनिधिमंडल ने एसडीएम मुनव्वर खान को राज्यपाल के नाम 6 सूत्री ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शन में देवरी विधानसभा के सैकड़ों किसान, युवा कांग्रेस, महिला कांग्रेस, किसान कांग्रेस, एनएसयूआई सहित विभिन्न मोर्चा–प्रकोष्ठों के पदाधिकारी भारी संख्या में मौजूद रहे।कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि अगर सरकार ने किसानों की मांगों पर शीघ्र निर्णय नहीं लिया, तो यह आंदोलन और ज्यादा उग्र रूप लेगा। निखिल सोधिया/ईएमएस/05/12/2025