- कंपनी का भारत में दो करोड़ लोगों को एआई कौशल में प्रशिक्षित करने का लक्ष्य बेंगलुरु (ईएमएस)। अमेरिकी बहुराष्ट्रीय प्रौद्योगिकी कंपनी माइक्रोसॉफ्ट के चेयरमैन एवं सीईओ सत्य नडेला ने गुरुवार को कहा कि कंपनी भारत में 17.5 अरब अमेरिकी डॉलर का निवेश कर रही है। नडेला ने इसे एशिया में माइक्रोसॉफ्ट का सबसे बड़ा निवेश बताया। यह निवेश उनकी पिछली यात्रा में घोषित 3 अरब डॉलर के निवेश के अतिरिक्त है। नडेला ने बताया कि माइक्रोसॉफ्ट भारत में अपने एज्यूर क्लाउड नेटवर्क का तेजी से विस्तार कर रहा है। वर्तमान में नेटवर्क मध्य, पश्चिम और दक्षिण भारत में फैला हुआ है और कंपनी ने जियो के साथ साझेदारी भी की है। उन्होंने बताया कि 2026 में दक्षिण-मध्य भारत में नया डेटा सेंटर चालू होगा, जो पूरी तरह पर्यावरण के अनुकूल होगा। एज्यूर क्लाउड पर कंपनियां और डेवलपर्स अपने एप्लिकेशन, डेटाबेस और एआई मॉडल बिना अपने सर्वर खरीदे ऑनलाइन चला सकते हैं। नडेला ने भारत में एआई और डिजिटल कौशल पर जोर दिया। कंपनी दो करोड़ लोगों को एआई कौशल में प्रशिक्षित करने का लक्ष्य रख रही है। उन्होंने ई-श्रम जैसी सरकारी पहल का हवाला देते हुए कहा कि यह असंगठित श्रमिकों के उत्थान में मदद करेगा। नडेला ने डिजिटल संप्रभुता और साइबर सुरक्षा के महत्व पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि सुरक्षा और संप्रभुता को अलग नहीं देखा जा सकता और पब्लिक क्लाउड में विकल्प और नियंत्रण सुनिश्चित करना जरूरी है। सीईओ ने माइक्रोसॉफ्ट के मिशन को दोहराते हुए कहा कि कंपनी का उद्देश्य है कि भारत में हर व्यक्ति और हर संगठन को अधिक हासिल करने में सक्षम बनाना। नडेला ने उम्मीद जताई कि भारत 2030 तक गिटहब के माध्यम से दुनिया का अग्रणी डेवलपर समुदाय बन जाएगा। सतीश मोरे/11दिसंबर ---