बालाघाट (ईएमएस). किसानों को उनकी उपज का वाजिब दाम दिलाने के लिए खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में जिले में 185 केंद्रो पर 01 दिसंबर से समर्थन मूल्य पर धान की खरीदी की जा रही है। कलेक्टर मृणाल मीना ने 11 दिसंबर को उपार्जन समिति की बैठक लेकर धान खरीदी की विस्तार से समीक्षा की। बैठक में बताया गया कि 11 दिसम्बर की शाम तक जिले के 81 हजार 148 किसानों द्वारा धान विक्रय के लिए स्लॉट बुकिंग की गई है, इनमें से 25 हजार 58 किसानों से 11 लाख 9 हजार 830 क्विंटल धान की खरीदी की जा चुकी है। इसके एवज में किसानों को 262 करोड़ 91 लाख 87 हजार 270 रुपए का भुगतान किया जाना है। किसानों से खरीदे गए 4 लाख 33 हजार 937 क्विंटल धान का परिवहन कर गोदामों में पहुंचाया जा चुका है। अब तक किसानों को 19 करोड़ 77 लाख रुपए का भुगतान उनके बैंक खातों में किया जा चुका है। बैठक में कलेक्टर मीना ने कहा कि जिले के जिन खरीदी केंद्रो पर अधिक मात्रा में धान की खरीदी हो रही है, उन पर कड़ी निगरानी बनाए रखे। किसानों से खरीदी के दौरान निर्धारित मात्रा में ही धान की तौल की जाए। खरीदी केंद्रो से धान का उठाव कर उसे शीघ्रता से गोदामों में पहुंचाया जाए। सभी केंद्रो पर बारदानों की पर्याप्त व्यवस्था रखे, जिससे परिवहन एवं बारदाने के अभाव में धान की खरीदी प्रभावित नही होना चाहिए। किसानों से एफएक्यू गुणवत्ता के धान ही खरीदी जाए। किसानों से अपील की गई कि वे अपनी धान को अच्छी तरह से साफ कर एवं सुखाकर ही विक्रय के लिए लाए। खरीदी केंद्रो पर शासन द्वारा निर्धारित एफएक्यू गुणवत्ता की धान ही खरीदी जाएगी। संभागायुक्त ने किया केंद्रों का निरीक्षण संभागायुक्त धनंजय सिंह ने आज बालाघाट जिले के ग्राम मानेगांव स्थित सहकारी समिति पायली के गोदाम स्तर पर बनाए गए धान उपार्जन केंद्र का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने केंद्र पर धान बेचने पहुंचे किसानों से चर्चा कर धान उपार्जन प्रक्रिया का जायजा लिया। साथ ही किसानों से उनके रकबे, उत्पादन और पंजीयन की स्थिति जानी। संभागायुक्त ने निरीक्षण के दौरान मौके पर तौल कांटे पर धान की तौल भी कराई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से कहा कि शासन की नीति और नियमों के अनुसार उपार्जन सुनिश्चित की जाए। खरीदी के दौरान किसानों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। संभागायुक्त ने कहा कि गोदाम में संग्रहित धान का नियमित सत्यापन किया जाए। उन्होंने उपार्जन प्रक्रिया को पारदर्शी और सुव्यवस्थित रूप से करने पर बल दिया। निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी भी उपस्थित रहे। भानेश साकुरे / 11 दिसंबर 2025