गुना (ईएमएस) | आरोन कृषि उपज मंडी में हम्मालों की अनिश्चितकालीन हड़ताल जारी है। जिसके चलते मंडी का पूरा कामकाज ठप हो गया है। हम्मालों का कहना है कि उन्हें हर साल 10 प्रतिशत वेतन वृद्धि और चक्रवृद्धि वेतन वृद्धि की गारंटी दी जाए, तभी वे काम पर लौटेंगे। हम्माल पल्लेदार तुलावटी एकता फेडरेशन (सीटू) के अध्यक्ष दिलीप ग्वाल ने बताया कि लंबे समय से वेतन बढ़ोतरी को लेकर बातचीत चल रही थी, लेकिन कोई ठोस निर्णय नहीं हो पाया। इस बीच व्यापारियों की ओर से बाहर से लेबर बुलाकर काम चलाने की बात सामने आई, जबकि मजदूरी में बढ़ोतरी को लेकर स्पष्ट आश्वासन नहीं दिया गया। ग्वाल ने कहा कि हम्मालों को मजबूरन हड़ताल पर जाना पड़ा है और मांगें पूरी होने तक काम शुरू नहीं किया जाएगा। हड़ताल का असर मंडी की व्यवस्था पर स्पष्ट दिखाई दे रहा है। मक्का की बंपर आवक होने के बाद भी तुलाई और लदाई का कार्य पूरी तरह रुक गया है। किसानों को अपनी उपज बेचने में परेशानी हो रही है, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान झेलना पड़ रहा है। मंडी प्रबंधन और व्यापारी वर्ग भी स्थिति को लेकर चिंतित हैं, क्योंकि लंबा विवाद मंडी के व्यापार पर बड़ा असर डाल सकता है। - सीताराम नाटानी