-यूपी में छाया घना कोहरा तो मध्य प्रदेश के 25 शहरों का पारा 10 डिग्री से नीचे श्रीनगर,(ईएमएस)। देश के करीब 22 राज्यों में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। मध्य प्रदेश के 25 से ज्यादा शहरों का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया है। गुरुवार को सबसे ठंडा शहर पचमढ़ी रहा, यहां न्यूनतम तापमान 3.6 10 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं कश्मीर में शीतलहर के बीच सर्दी तेज हो गई है। चिल्ले कलां के साथ यहां ज्यादातर जिलों में रात का पारा शून्य डिग्री से नीचे पहुंच गया है। विश्व विख्यात स्की रिजार्ट गुलमर्ग के साथ पहलगाम और सोनमर्ग में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। यहां बर्फबारी का मजा लेने बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंच रहे हैं। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक जम्मू समेत संभाग के अन्य हिस्सों में दिनभर धूप खिली रही, लेकिन कई हिस्सों में तड़के और रात को कोहरा छाया रहा है। वहीं, पर्यटन स्थलों पर नए साल के जश्न और पर्यटकों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए सुरक्षा बढ़ा दी गई है। मौसम विज्ञान केंद्र श्रीनगर के मुताबिक नववर्ष पर 30 दिसंबर से 1 जनवरी के बीच कई हिस्सों में बारिश के साथ बर्फबारी के आसार हैं। इसका हर किसी को बेसब्री से इंतजार है। बर्फबारी की सूरत में यात्रियों और पर्यटकों को यातायात व प्रशासन की एडवाइजरी के तहत सफर करने की सलाह दी गई है। घाटी के सभी जिलों में रात के तापमान में गिरावट आई है। बर्फबारी के बाद गुलमर्ग, सोनमर्ग समेत अन्य पर्यटन स्थलों पर नए साल का जश्न मनाने पर्यटकों की भीड़ पहुंचने लगी। राजधानी श्रीनगर में दिन का तापमान सामान्य से 4.0 डिग्री चढ़कर 13.0, पहलगाम में 9.0 और गुलमर्ग में 4.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जम्मू में अधिकतम तापमान 20.8 और न्यूनतम तापमान 8.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राजस्थान के कई शहरों में गिरा पारा राजस्थान में पश्चिमी विक्षोभ का असर खत्म होने के साथ ही उत्तरी ठंडी हवाओं ने सर्दी बढ़ा दी है। गुरुवार को 4 शहरों में रात का तापमान 5डिग्री और 21 शहरों में 10डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया है। माउंट आबू 1.0, फतेहपुर 1.6 और नागौर 1.8 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे ठंडा रहा। यूपी के कानपुर, प्रयागराज, वाराणसी, अयोध्या, बरेली समेत 27 जिलों में शुक्रवार सुबह घना कोहरा छाया रहा। सड़कों पर बहुत ज्यादा विजिबिलिटी के चलते कुछ दिखाई नहीं दे रहा था। प्रयागराज, देवरिया समेत कई रेलवे स्टेशनों पर 50 से ज्यादा ट्रेनें देरी से चल रही हैं। गोरखपुर समेत कई एयरपोर्ट्स पर पांच फ्लाइट्स रद्द करनी पड़ी। अगले दो दिन के मौसम का हाल... दिन में भी छाई रहेगी धुंध शनिवार से पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, बिहार और मध्य प्रदेश में घना कोहरा छाया रहने की संभावना है। जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में न्यूनतम तापमान में और गिरावट के साथ शीतलहर जारी रहेगी। ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बर्फबारी और बारिश से मैदानी इलाकों में ठंडी हवाएं चल सकती हैं। 28 दिसंबर को पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, राजस्थान और बिहार में कोहरे के साथ ठंडी उत्तर-पश्चिमी हवाएं चलने की संभावना है। कोल्ड-डे जैसी स्थिति रहेगी। जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी तेज हो सकती है, जबकि निचले इलाकों में बारिश की संभावना है। सिराज/ईएमएस 26दिसंबर25