गांधीनगर (ईएमएस)। गुजरात की राजधानी गांधीनगर में दूषित जल पीने से 131 लोग बीमार हो गए हैं। इनमें से 109 बच्चे हैं। मध्य प्रदेश के इंदौर के भागीरथपुरा में अभी तक 16 लोगों की मौत दूषित जल के कारण हो चुकी है। अब दूसरी बड़ी घटना गुजरात की राजधानी गांधीनगर में देखने को मिली है। गांधीनगर के सेक्टर 24-28 और आदिवाडा इलाकों के 131 मरीज अस्पतालों में भर्ती किए गए हैं। दूषित पेयजल के कारण यह बीमार हुए हैं। इन लोगों के ब्लड जाँच में टाइफाइड होने की संभावना व्यक्त की गई है। राज्य शासन द्वारा 22 डॉक्टरों की एक टीम लगाई गई है। गांधीनगर सिविल अस्पताल के सुपरिंटेंडेंट डॉक्टर मीता पारेख का कहना है। आमतौर पर ऐसे मामले दिसंबर महीने में नहीं आते हैं। अचानक इतनी बड़ी संख्या में मरीजों का आना चिंताजनक है।