पुणे, (ईएमएस)। कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री सुरेश कलमाड़ी का मंगलवार सुबह पुणे में उनके घर पर निधन हो गया। वे 82 साल के थे। जब केंद्र में कांग्रेस की सरकार थी, तब सुरेश कलमाड़ी केंद्रीय मंत्री थे। पुणे की राजनीति में सुरेश कलमाड़ी का बड़ा नाम था। पुणे की राजनीति में कलमाड़ी को सम्मान करने वाला एक बड़ा तबका था। इसलिए सुरेश कलमाड़ी कई सालों तक पुणे से सांसद रहे। कलमाड़ी की पुणे की राजनीति पर लंबे समय तक पकड़ रही। कॉमनवेल्थ गेम्स घोटाले के आरोपों से सुरेश कलमाड़ी का राजनीतिक करियर खराब हो गया और राजनीति में उनके पतन का दौर शुरू हो गया। कॉमनवेल्थ गेम्स घोटाले में, कांग्रेस नेता और पूर्व सांसद सुरेश कलमाड़ी पर गंभीर भ्रष्टाचार के आरोप लगे, जिसमें आयोजन समिति के चेयरमैन के तौर पर पैसे की गड़बड़ियां भी शामिल थीं। सालों की कानूनी लड़ाई के बाद प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की केस में क्लोजर रिपोर्ट आने के बाद उन्हें क्लीन चिट मिल गई थी। हालांकि, उसके बाद सुरेश कलमाड़ी पुणे की राजनीति में वापसी नहीं कर पाए। खराब सेहत की वजह से वे पिछले कुछ सालों से राजनीति से दूर थे। कुछ दिन पहले सुरेश कलमाड़ी की तबीयत बिगड़ने पर शरद पवार उनसे मिले थे। जतिन/संतोष झा- ०६ जनवरी/२०२६/ईएमएस