बीजिंग(ईएमएस)। चीन के उत्तर-पूर्वी प्रांत हेलोंगजियांग की राजधानी हरबिन में इन दिनों एक अनोखा नजारा देखने को मिल रहा है। कड़ाके की ठंड और शून्य से 30 डिग्री नीचे तक गिरते तापमान के बीच यहां सैकड़ों मजदूर जमी हुई सोंगहुआ नदी से बर्फ की फसल काट रहे हैं। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में लाल कोट पहने मजदूर आधुनिक मशीनों, आरी और हथौड़ों की मदद से नदी की जमी हुई सतह पर ग्रिड बनाकर बर्फ के विशालकाय ब्लॉक निकालते नजर आ रहे हैं। यह कड़ी मेहनत हरबिन इंटरनेशनल आइस एंड स्नो फेस्टिवल की तैयारी का हिस्सा है, जिसे दुनिया का सबसे बड़ा विंटर फेस्टिवल माना जाता है। सोंगहुआ नदी साल में 4-5 महीने पूरी तरह जमी रहती है, जिससे यहां आइस हार्वेस्टिंग यानी बर्फ की कटाई का काम संभव हो पाता है। इस साल दिसंबर की शुरुआत में छठे आइस कलेक्टिंग फेस्टिवल का आगाज एक पारंपरिक रस्म के साथ हुआ। मजदूर सबसे पहले जमी हुई नदी पर करीब 2 मीटर लंबे और 1 मीटर चौड़े आकार के ग्रिड मार्क करते हैं। इसके बाद मोटराइज्ड आरी से इन्हें काटा जाता है। एक-एक बर्फ के ब्लॉक की मोटाई 30 से 60 सेंटीमीटर और वजन 400 से 700 किलोग्राम तक होता है। यह काम काफी जोखिम भरा होता है, इसलिए सुरक्षा के लिहाज से मजदूरों को लाइफ जैकेट पहनना अनिवार्य है, ताकि बर्फ टूटने की स्थिति में वे पानी में न डूबें। नदी से निकाले गए इन हजारों क्यूबिक मीटर बर्फ के ब्लॉक्स को क्रेन और ट्रकों की मदद से सीधे फेस्टिवल साइट पर ले जाया जाता है। कुछ ब्लॉक्स को विशेष रूप से भूसे और सफेद कवर से ढककर साल भर के लिए स्टोर भी किया जाता है, ताकि अगले सीजन के लिए निर्माण कार्य समय से शुरू हो सके। इन विशाल बर्फ के टुकड़ों का उपयोग हरबिन आइस एंड स्नो वर्ल्ड में अद्भुत कलाकृतियां बनाने के लिए किया जाता है। यहाँ बर्फ से बने विशाल महल, टावर, पुल और स्लाइड पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र होते हैं, जो रात के समय रंग-बिरंगी एलईडी लाइट्स से जगमगा उठते हैं। 2025-2026 के इस सीजन में यह पार्क करीब 1.2 मिलियन स्क्वायर मीटर क्षेत्र में फैला हुआ है, जिसे बनाने में 4 लाख क्यूबिक मीटर बर्फ और स्नो का इस्तेमाल किया गया है। इस बार की थीम एशियन विंटर गेम्स पर आधारित रखी गई है। दिसंबर के अंत से फरवरी तक चलने वाले इस भव्य उत्सव को देखने के लिए दुनिया भर से लगभग 1.8 करोड़ से अधिक पर्यटकों के आने की उम्मीद है। हरबिन का यह आइस फेस्टिवल न केवल इंजीनियरिंग का एक उत्कृष्ट नमूना है, बल्कि यह स्थानीय संस्कृति और पर्यटन अर्थव्यवस्था का एक प्रमुख आधार भी बन चुका है। वीरेंद्र/ईएमएस 09 जनवरी 2026