राष्ट्रीय
09-Jan-2026


नई दिल्ली (ईएमएस)। हिमालयी क्षेत्रों में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 10 जनवरी 2026 को उत्तर भारत के बड़े हिस्से में कड़ाके की ठंड और घने कोहरे का दोहरा प्रकोप देखने को मिलेगा। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक, जहां पश्चिमी भारत में मौसम शुष्क बना रहेगा, वहीं उत्तर भारत के कई राज्यों में दृश्यता बेहद कम होने और शीतलहर के कारण जनजीवन प्रभावित हो सकता है। दिल्ली, पंजाब और हरियाणा में सुबह के समय ‘अत्यधिक घना कोहरा’ छाए रहने की संभावना है। कई इलाकों में दृश्यता 50 मीटर से भी कम रह सकती है, जिससे सड़क, रेल और हवाई यातायात पर असर पड़ने की आशंका है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश और उत्तरी राजस्थान में शीतलहर का असर जारी रहेगा। राजस्थान के चुरू और सीकर जैसे जिलों में तापमान और गिर सकता है, जबकि मध्य प्रदेश के ग्वालियर और चंबल संभाग में घना कोहरा छाया रहेगा। दक्षिण भारत के कुछ हिस्सों में बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी के चलते हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। तटीय तमिलनाडु और केरल के कुछ जिलों में हल्की बारिश के आसार हैं। ओडिशा और पश्चिम बंगाल में मौसम मुख्य रूप से साफ रहेगा, हालांकि सुबह के समय हल्का से मध्यम कोहरा देखने को मिल सकता है। पूर्वोत्तर भारत के असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश में घना कोहरा छाए रहने की संभावना जताई गई है। सुबोध/०९ -०१-२०२६