क्षेत्रीय
10-Jan-2026
...


कोरबा (ईएमएस) कोरबा जिले में निवासरत नेहा साहू ने अपने संघर्ष और आत्मविश्वास के दम पर एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। पेशे से कुकिंग का कार्य करने वाली नेहा साहू ने मॉडलिंग के क्षेत्र में कदम रखते हुए मिसेज सेंट्रल इंडिया का खिताब अपने नाम किया है।यह प्रतियोगिता ममता ब्यूटी अकादमी एंड स्टार स्टूडियो द्वारा प्रस्तुत सेंट्रल इंडिया 2026 के अंतर्गत कोरबा, छत्तीसगढ़ में आयोजित की गई थी। इस कार्यक्रम की आयोजक ममता पटेल रहीं, जिनके सफल आयोजन की सभी ने सराहना की। घरेलू जिम्मेदारियों और अपने काम के साथ-साथ नेहा साहू ने मॉडलिंग में रुचि दिखाई और कड़ी मेहनत व लगन के साथ प्रतियोगिता की तैयारी की। प्रतियोगिता के दौरान उन्होंने अपने आत्मविश्वास, व्यक्तित्व और प्रतिभा के दम पर निर्णायकों को प्रभावित किया और यह प्रतिष्ठित खिताब जीतने में सफल रहीं। खिताब जीतने के बाद नेहा साहू ने कहा कि यह सफलता उनके परिवार के सहयोग और उनके आत्मविश्वास का परिणाम है। उन्होंने कहा कि महिलाएं यदि अपने सपनों पर भरोसा रखें और निरंतर मेहनत करें, तो किसी भी क्षेत्र में सफलता हासिल कर सकती हैं।