क्षेत्रीय
10-Jan-2026
...


कांकेर(ईएमएस)। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) के तहत संचालित बिहान कार्यक्रम ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में लगातार सकारात्मक परिणाम दे रहा है। इस योजना के माध्यम से महिलाएं न केवल स्वरोजगार से जुड़ रही हैं, बल्कि अपने परिवार की आर्थिक स्थिति को भी सुदृढ़ कर रही हैं। ग्राम कराकी की नवदीप स्व-सहायता समूह की महिलाओं ने आजीविका उपार्जन के लिए बैंक लिंकेज ऋण लेकर मिक्सर मशीन खरीदी है। यह मशीन क्षेत्र में चल रहे प्रधानमंत्री आवास निर्माण और अन्य निजी आवास कार्यों में किराए पर दी जा रही है, जिससे समूह की महिलाओं को नियमित और स्थाई आय प्राप्त हो रही है। यह पहल ग्रामीण क्षेत्र में छोटे संसाधनों से बड़े बदलाव का सशक्त उदाहरण बन रही है। जनपद पंचायत के सीईओ सुरेंद्र बंजारे, अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी आरडी ठाकुर और बिहान समूह की बीपीएम नंदिनी दीवान के नेतृत्व में ब्लॉक की महिला स्व-सहायता समूह विभिन्न स्वरूपों में सक्रिय हैं। महिलाएं कृषि, पशुपालन, लखपति दीदी योजना, ऑनलाइन कार्य और अन्य छोटे-बड़े व्यवसायों के माध्यम से अपनी आय में निरंतर वृद्धि कर रही हैं। नवदीप स्व-सहायता समूह की महिलाओं ने जनपद पंचायत दुर्गूकोंदल के सहयोग से भारतीय स्टेट बैंक, दुर्गूकोंदल शाखा से 1 लाख 80 हजार रुपये का ऋण लिया। इस राशि से खरीदी गई मिक्सर मशीन को किराए पर देकर समूह की महिलाएं लाभ अर्जित कर रही हैं। बीपीएम नंदिनी दीवान ने बताया कि ब्लॉक में लगभग 1200 महिला स्व-सहायता समूहों का गठन किया जा चुका है, जो एनआरएलएम के तहत विभिन्न गतिविधियों में संलग्न हैं। शासन की इस योजना से महिलाओं में आत्मविश्वास बढ़ा है और वे स्वरोजगार अपनाकर आर्थिक रूप से मजबूत हो रही हैं। जनपद सीईओ सुरेंद्र बंजारे ने कहा कि शासन की मंशा है कि ग्रामीण महिलाएं आर्थिक रूप से सशक्त बनें और स्वयं के पैरों पर खड़ी हों। एनआरएलएम और बिहान कार्यक्रम के माध्यम से प्रशिक्षण, ऋण सुविधा और विपणन से महिलाओं को जोड़कर उन्हें स्थायी आजीविका सुनिश्चित की जा रही है। ईएमएस(राकेश गुप्ता)10 जनवरी 2026