गेल को पीछे छोड़ा वडोदरा (ईएमएस)। भारतीय क्रिकेट टीम के अनुभवी सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा ने न्यूजीलैंड के खिलाफ यहां पहले ही एकदिवसीय क्रिकेट मैच में दो छक्के लगाते ही एक बड़ा रिकार्ड अपने नाम कर लिया। अब रोहित एकदिवसीय में सबसे अधिक 329 छक्के लगाने वाले खिलाड़ी बन गये हैं। इससे पहले ये रिकार्ड वेस्टइंडीज के विस्फोटक बल्लेबाज क्रिस गेल के नाम था, गेल ने 328 छक्के लगाये थे। पहले एकदिवसीय में भारतीय टीम ने 301 रनों का लक्ष्य हासिल करते हुए जीत दर्ज की थी। रोहित ने इस मैच में पहले और दूसरे ओवर में दो छक्के लगाकर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपने 650 छक्के भी पूरे किये। ये उपलब्धि हासिल करने वाले वह पहले खिलाड़ी हैं। रोहित हालांकि बड़ी पारी नहीं खेल पाये और 9वें ओवर में काइल जैमीसन की गेंद पर पेवेलियन लौट गए। उन्होंने 29 गेंदों में तीन चौके और दो छक्के लगाकर 26 रन बनाए। रोहित के नाम अब एकदिवसीय में सलामी बल्लेबाज के तौर पर 329 छक्के हो गये हैं। वहीं दूसरे नंबर पर खिसके गेल को पीछे छोड़ दिया है, जिनके नाम 328 छक्के हैं। वहीं गत वर्ष उन्होंने एकदिवसीय में सबसे ज्यादा छक्कों का शाहिद अफरीदी का रिकॉर्ड भी तोड़ा था। गिरजा/ईएमएस 12जनवरी 2026