राष्ट्रीय
12-Jan-2026


-गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त, कटर से काट कर निकाले शव, सगाई समारोह से लौट रहे थे युवक गढ़वा,(ईएमएस)। गढ़वा-रेहला मुख्य मार्ग पर रविवार देर रात एक अज्ञात हाईवा ने स्कार्पियो को टक्कर मार दी जिसमें सवार चार युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा इतना भयानक था कि स्कार्पियो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और चारों युवकों के शव लोहे के मलबे में फंस गए। इस घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और मृतकों के गांवों में कोहराम मचा गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरु कर दी है। जानकारी के मुताबिक पलामू जिले के रहने वाले ये चारों युवक श्रीबंशीधर नगर थाना क्षेत्र के बिलासपुर गांव गए थे। वहां जितेंद्र पासवान की मौसेरी बहन की सगाई थी। परिवार में उत्सव का माहौल था और सगाई की रस्में पूरी होने के बाद सभी युवक स्कार्पियो से वापस घर लौट रहे थे। जैसे ही उनकी गाड़ी बेलचंपा गांव के पास पहुंची, सामने से आ रहे तेज रफ्तार हाईवा ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। स्थानीय लोगों का कहना है कि देर रात हुआ हादसा महज एक दुर्घटना नहीं, बल्कि उस बेलगाम रफ्तार का नतीजा है जो अक्सर अवैध खनन के कारोबार में देखने को मिलती है। टक्कर की आवाज सुनते ही आसपास के लोग सहम गए। लोगों ने देखा कि स्कार्पियो सड़क किनारे बुरी तरह क्षतिग्रस्त पड़ी थी। हादसे के तुरंत बाद हाईवा चालक अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। सूचना मिलते ही गढ़वा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। वाहन इतनी खराब स्थिति में था उसे काटने के लिए मशीन बुलानी पड़ी। कड़ी मशक्कत के बाद गाड़ी के हिस्सों को काटकर चारों शवों को बाहर निकाला गया और पोस्टमार्टम के लिए भेजा। हादसे का शिकार हुए युवकों की पहचान पलामू और विश्रामपुर क्षेत्र के निवासियों के रूप में हुई है। इनमें लवर पांडु निवासी नरेंद्र कुमार पासवान और जितेंद्र पासवान शामिल हैं, जबकि दो अन्य युवक बादल पासवान और बिक्की कुमार विश्रामपुर के भंडार गांव के रहने वाले थे। ये सभी आपस में रिश्तेदार थे। एक साथ चार जवान बेटों की मौत ने पूरे जिले को झकझोर कर रख दिया है। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश था। ग्रामीणों का आरोप है कि गढ़वा-रेहला मार्ग पर रात के समय भारी वाहनों की रफ्तार पर कोई नियंत्रण नहीं है, जिससे आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं। अक्सर इन वाहनों को अनुभवहीन चालक चलाते हैं, जो रात के समय नशे या नींद की हालत में सड़कों पर कहर बरपाते हैं। रात ढलने से पहले ज्यादा से ज्यादा चक्कर लगाने के चक्कर में ये वाहन रिहायशी इलाकों और मोड़ पर भी रफ्तार कम नहीं करते। पुलिस ने अज्ञात हाईवा के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपी चालक की गिरफ्तारी की जा सके। सिराज/ईएमएस 12जनवरी26