14-Jan-2026
...


नई दिल्ली,(ईएमएस)। उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में रहने वाले लोगों के लिए आने वाले दिन और भी चुनौतीपूर्ण होने वाले हैं। उत्तर प्रदेश, पंजाब और हरियाणा समेत कई राज्यों पर अब मौसम की दोहरी मार पड़ने की आशंका है। भारत मौसम विज्ञान विभाग द्वारा जारी ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक, इन क्षेत्रों में कड़ाके की ठंड और घने कोहरे के बीच अब बारिश की भी संभावना जताई गई है। राजधानी दिल्ली में भी तापमान का गिरना जारी है और मंगलवार का दिन इस जनवरी का सबसे ठंडा दिन दर्ज किया गया। दिल्लीवासियों को फिलहाल कोहरे की मोटी चादर से राहत मिलती नजर नहीं आ रही है। मौसम विभाग के अनुसार, 16 से 19 जनवरी के बीच पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण जम्मू-कश्मीर, गिलगिट-बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में छिटपुट बारिश और बर्फबारी हो सकती है। इस मौसमी बदलाव का असर मैदानी इलाकों में भी दिखेगा, जहां 18 और 19 जनवरी को पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और पश्चिम उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं। बारिश के चलते गलन और बढ़ने की उम्मीद है, जिससे आम जनजीवन प्रभावित हो सकता है। कोहरे की स्थिति को लेकर विभाग ने चेतावनी दी है कि 20 जनवरी तक हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में सुबह के समय घना कोहरा छाया रहेगा। विशेष रूप से 15 जनवरी तक बेहद घना कोहरा होने की संभावना है, जिससे विजिबिलिटी कम हो सकती है और सड़क व रेल यातायात पर असर पड़ सकता है। इसी तरह पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार, ओडिशा, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भी अगले कुछ दिनों तक सुबह के समय घने कोहरे का पूर्वानुमान है। असम और मेघालय में भी 16 जनवरी तक दृश्यता कम रहने की उम्मीद है। ठंड का प्रकोप केवल कोहरे और बारिश तक सीमित नहीं है। मौसम विभाग ने पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, हिमाचल प्रदेश और राजस्थान में 15 जनवरी तक तीव्र शीत लहर चलने की संभावना जताई है। उत्तराखंड में भी 14 जनवरी को कोल्ड डे के हालात बने रहेंगे। इसके अलावा झारखंड और ओडिशा में भी 16 जनवरी तक ठंडी हवाएं चलने का अनुमान है। प्रशासन ने लोगों को ठंड से बचाव के पुख्ता इंतजाम करने और कोहरे के दौरान वाहन चलाते समय विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। वीरेंद्र/ईएमएस/14जनवरी2026