क्षेत्रीय
14-Jan-2026
...


रायपुर(ईएमएस)। कांग्रेस विधायकों की गिरफ्तारी को लेकर सोशल मीडिया पर भाजपा द्वारा जारी पोस्टर के बाद सियासत तेज हो गई है। इस मुद्दे पर छत्तीसगढ़ भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने कांग्रेस पर सीधा हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा शुरू से यह कहती रही है कि कांग्रेस को अक्सर अपराधियों के साथ खड़ा देखा गया है। किरण सिंह देव ने कहा कि यह छत्तीसगढ़ महतारी का प्रदेश है और यहां किसी भी तरह की गड़बड़ी, भ्रष्टाचार या घोटाले को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि गलत काम करने वालों को तुरंत उसके परिणाम भुगतने पड़ेंगे और कांग्रेस को भी कार्रवाई के लिए तैयार रहना होगा। उन्होंने दोहराया कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश में जीरो टॉलरेंस की सरकार चल रही है, जहां किसी भी प्रकार के गलत कार्य करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। इस बीच किरण सिंह देव बुधवार को दिल्ली दौरे से लौटकर रायपुर पहुंचे। दिल्ली प्रवास के दौरान उन्होंने पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन से मुलाकात की और उन्हें छत्तीसगढ़ आने का निमंत्रण दिया। किरण देव ने बताया कि नितिन नबीन से उन्हें समय-समय पर मार्गदर्शन मिलता रहा है, जिसका लाभ विधानसभा, लोकसभा, नगरीय निकाय और त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों में पार्टी को मिला है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि पूरे छत्तीसगढ़ में भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच उत्साह का माहौल है। दिल्ली दौरे के दौरान उन्होंने नितिन नबीन को नई जिम्मेदारी मिलने पर शुभकामनाएं दीं और औपचारिक रूप से राज्य भ्रमण का निमंत्रण भी सौंपा। सत्यप्रकाश(ईएमएस)14 जनवरी 2026