राष्ट्रीय
15-Jan-2026
...


:: खासगी ट्रस्ट ने प्रतिमाओं के नुकसान पर जताया कड़ा आक्रोश; सुमित्रा महाजन बोलीं- दुर्घटना थी, सुधार होगा :: इन्दौर/वाराणसी (ईएमएस)। वाराणसी के ऐतिहासिक मणिकर्णिका घाट के पुनर्विकास के दौरान लोकमाता अहिल्याबाई होलकर की प्रतिमाओं और प्राचीन ढांचे को क्षति पहुँचने का मामला अब सुलझता नजर आ रहा है। एक ओर जहाँ इन्दौर स्थित द खासगी देवी अहिल्याबाई होलकर चैरिटीज ट्रस्ट ने इसे धरोहर पर प्रहार बताते हुए कानूनी कार्रवाई का मन बनाया है, वहीं पूर्व लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन ने सक्रियता दिखाते हुए उत्तर प्रदेश सरकार के माध्यम से कार्य रुकवाकर मरम्मत का आश्वासन दिया है। :: ट्रस्ट का आरोप : खतरनाक विकास की भेंट चढ़ा इतिहास :: खासगी ट्रस्ट ने कड़ा बयान जारी कर आरोप लगाया कि 10 जनवरी को वाराणसी नगर निगम की देखरेख में बिना किसी सूचना के उस ढांचे को जमींदोज कर दिया गया, जिसका जीर्णोद्धार 1791 में अहिल्या माता ने कराया था। ट्रस्ट ने इसे राष्ट्रीय गौरव का अपमान बताते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और सीएम योगी आदित्यनाथ से उच्च स्तरीय जांच की मांग की है। होलकर परिवार के वंशजों ने कहा कि विकास के नाम पर इतिहास और आस्था की बलि देना अक्षम्य है। :: सुमित्रा महाजन ने की तस्दीक : जेसीबी से हुआ हादसा :: पूरे मामले पर पूर्व लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन ने बताया कि वीडियो क्लिपिंग मिलने के बाद उन्होंने वाराणसी के लोगों और यूपी सरकार के प्रतिनिधियों से चर्चा की। उन्होंने स्पष्ट किया कि पुनर्विकास के दौरान ठेकेदार द्वारा उपयोग की गई जेसीबी मशीन के धक्के से पुरानी संरचनाएं क्षतिग्रस्त हुईं। यह एक दुर्घटना थी, जिसे सरकार ने गंभीरता से लिया है। संबंधित एजेंसी को फटकार लगाई गई है और क्षतिग्रस्त हिस्सों को तत्काल ठीक करने के निर्देश दिए गए हैं। :: इंदौर में बनेगा अहिल्या माता का भव्य स्मारक :: इस विवाद के बीच सुमित्रा महाजन ने इन्दौर के लिए एक महत्वपूर्ण जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि शहर में लोकमाता अहिल्याबाई होलकर का एक भव्य स्मारक बनाया जा रहा है, जिसके लिए सरकार ने भूमि आवंटित कर दी है। इस स्मारक में प्रदर्शनी के जरिए देवी अहिल्या के प्रशासनिक न्याय और मल्हार राव होलकर के पराक्रम को जीवंत रूप में दर्शाया जाएगा।