कवर्धा(ईएमएस)। छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले में दहेज विवाद ने एक महिला की जान ले ली। मामला लोहारा थाना क्षेत्र के महाराटोला गांव का है। मृतका लोकेश्वरी साहू के मायके पक्ष का आरोप है कि उसके पति जोहन साहू ने पहले उसे बेरहमी से पीटा और फिर जहर पिलाकर हत्या कर दी। जानकारी के मुताबिक, आरोपी पति ने महिला को लोहारा अस्पताल में भर्ती कराया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल रेफर किया, जहां इलाज के दौरान लोकेश्वरी को मृत घोषित कर दिया गया। हत्या के आरोप में आरोपी पति को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मृतका के मायके पक्ष ने आरोप लगाया कि ससुराल पक्ष के अन्य सदस्य भी घटना में शामिल थे। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेंद्र सिंह बघेल ने कहा कि ससुराल के अन्य सदस्यों की भूमिका की भी जांच की जा रही है और दोषी पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद गांव में मातम पसरा है और परिजन रो-रोकर बेहाल हैं। शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है।