- इन्दौर में संपन्न हुए चुनाव : सोहागपुर विधायक विजयपाल सिंह बने चेयरमेन, पूजा पाटीदार को संरक्षक का दायित्व :: इंदौर (ईएमएस)। मध्य प्रदेश में ट्रायथलॉन खेल की गतिविधियों को नई गति देने के लिए म.प्र. ट्रायथलान संघ की नवीन कार्यकारिणी का निर्वाचन वर्ष 2026 से 2030 की अवधि हेतु संपन्न हुआ। इन्दौर रेसीडेन्सी क्लब में आयोजित इस चुनावी प्रक्रिया में श्रीकान्त तिवारी को सर्वसम्मति से अध्यक्ष चुना गया, जबकि सचिव पद की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी उमा शंकर व्यास को सौंपी गई है। निर्वाचन प्रक्रिया को विधि सम्मत और पारदर्शी बनाने के लिए म.प्र. राज्य आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो के सेवानिवृत्त विधि अधिकारी माजिद खान ने निर्वाचन अधिकारी की भूमिका निभाई। इस अवसर पर म.प्र. ओलम्पिक संघ की ओर से राजेश चौबे और भारतीय ट्रायथलान संघ की ओर से ओ.पी. अवस्थी पर्यवेक्षक के रूप में विशेष रूप से उपस्थित रहे, जिनकी देखरेख में पूरी प्रक्रिया संपन्न हुई। नवीन कार्यकारिणी में सोहागपुर विधायक विजयपाल सिंह को चेयरमेन और पूजा पाटीदार को संरक्षक मनोनीत किया गया है। इसके साथ ही जे.पी. सक्सेना, हरीश शुक्ला, चित्रेश शर्मा और शेखर तिवारी को उपाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी दी गई है। कोषाध्यक्ष के रूप में एस.एन. पंडित संघ के वित्त का प्रबंधन संभालेंगे। प्रशासनिक कार्यों में सहयोग के लिए ओ.पी. अवस्थी, गोवर्धन यादव, प्रभु मूलचंदानी और रघुवीर तिवारी को सहसचिव चुना गया है। कार्यकारिणी के अन्य सदस्यों में प्रशांत रजक, सुधीर नेमा, कमलेश पांडे, तनवीर हलीम और आयुष दुबे को शामिल किया गया है। निर्वाचन के पश्चात म.प्र. ओलम्पिक संघ के अध्यक्ष व विधायक रमेश मेंदौला एवं महासचिव दिग्विजय सिंह ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दीं। इन्दौर जिला तैराकी संघ के अध्यक्ष राजकुमार राठौर, सचिव सत्यम द्विवेदी, कय्युम पठान, संजू जाधव और अमितेश तिवारी ने भी हर्ष व्यक्त करते हुए आशा जताई कि नई टीम के नेतृत्व में ट्रायथलॉन खेल प्रदेश में नए कीर्तिमान स्थापित करेगा। नवनियुक्त पदाधिकारियों ने अपनी प्राथमिकताओं को साझा करते हुए कहा कि जल्द ही प्रदेश के विभिन्न अंचलों में स्तरीय स्पर्धाओं का आयोजन कर खिलाड़ियों को बेहतर मंच उपलब्ध कराया जाएगा। प्रकाश/20 जनवरी 2026