- नक्सली हाथ होने की आशंका, पुलिस जांच में जुटी बीजापुर(ईएमएस)। जिले के पामेड़ थाना क्षेत्र में ग्राम कंचाल निवासी पूर्व सरपंच भीमा मड़कम की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना की सूचना पुलिस को ग्रामीणों द्वारा प्राप्त हुई। प्राथमिक जानकारी के अनुसार, भीमा मड़कम ग्राम काऊरगट्टा में खेत से लौट रहे थे, तभी अज्ञात व्यक्तियों ने उन पर गोली चला दी। इस दौरान आसपास के खेतों में कई ग्रामीण मौजूद थे। सूत्रों का कहना है कि इस वारदात को नक्सलियों द्वारा अंजाम दिया गया हो सकता है। घटना शाम लगभग 5 बजे हुई। हालांकि परिजनों द्वारा अभी तक घटना की रिपोर्ट पामेड़ थाने में दर्ज नहीं कराई गई है। पामेड़ पुलिस घटना की जानकारी जुटा रही है और मौके पर पुलिस बल रवाना किया गया है। एएसपी चंद्रकांत गवर्ना ने बताया कि पूर्व सरपंच पर हुए हमले की विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है। पूर्व सरपंच भीमा मड़कम पर पहले भी नक्सली हमले कर चुके थे। वह कल ही दंतेवाड़ा जिले के बचेली से अपने गांव लौटे थे। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल व्याप्त है। सुरक्षा बलों ने सर्चिंग अभियान के दौरान पामेड़ थाना क्षेत्र के काऊरगट्टा के जंगल में माओवादियों द्वारा छिपाए गए विस्फोटकों का जखीरा बरामद किया है। इसमें डेटोनेटर और अन्य उपयोगी सामग्री शामिल है। हालांकि पुलिस ने इस बरामदगी की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं की है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)21 जनवरी 2026