राष्ट्रीय
21-Jan-2026
...


नई दिल्ली,(ईएमएस)। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा भारत और पाकिस्तान के बीच युद्ध रुकवाने के श्रेय लेने पर भारत में सियासत फिर गर्म हुई है। कांग्रेस ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर निशाना साधकर कहा कि उनके अच्छे मित्र (डोनाल्ड ट्रंप) अब तक 70 बार यह दावा कर चुके हैं कि उन्होंने ही पिछले साल दोनों देशों के बीच सैन्य संघर्ष को समाप्त कराया था। कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने पोस्ट के द्वारा प्रधानमंत्री मोदी की चुप्पी पर सवाल उठाए। उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि कल से पहले यह गिनती 68 थी। मंगलवार को व्हाइट हाउस में ट्रंप के बयान के बाद यह 70 हो गई है। प्रधानमंत्री मोदी के अच्छे मित्र, जिससे कई बार जबरन गले मिला गया है, ने इतनी बार घोषणा की है कि वे ऑपरेशन सिन्दूर के अचानक रुकने के लिए जिम्मेदार थे। दरअसल ट्रंप ने कहा, ‘‘मैंने 10 महीनों में आठ युद्धों को समाप्त करवाया, ये कभी न ख़त्म होने वाले युद्ध थे। कंबोडिया और थाईलैंड वर्षों से लड़ रहे हैं, कोसोवो और सर्बिया, कांगो और रवांडा का नाम शामिल है। अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने पहले भी कई बार यह दावा किया है कि उन्होंने भारत और पाकिस्तान के बीच बीते साल मई महीने में सैन्य संघर्ष को व्यापार समझौते के जरिए सुलझाया। दूसरी तरफ भारत का कहना है कि पाकिस्तान के सैन्य अभियान महानिदेशक (डीजीएमओ) के संपर्क किए जाने के बाद सैन्य कार्रवाई रोकने पर विचार किया गया। आशीष दुबे / 21 जनवरी 2026