क्षेत्रीय
21-Jan-2026
...


- अब समय पर स्कूल, बढ़ा आत्मविश्वास और मजबूत हुआ भविष्य नरसिंहपुर, (ईएमएस)। कहते हैं, जब सुविधा और अवसर मिल जाएं तो सपनों को नई उड़ान मिलती है। राज्य सरकार की नि:शुल्क साइकिल वितरण योजना ऐसी ही एक सार्थक पहल बनकर सामने आई है, जिसने ग्रामीण क्षेत्र की बेटियों के लिए शिक्षा की राह को आसान, सुरक्षित और सुलभ बना दिया है। यह योजना न केवल विद्यार्थियों की विद्यालय तक पहुँच सुनिश्चित कर रही है, बल्कि ड्रॉपआउट दर में कमी लाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। इसी योजना से लाभान्वित होकर सीएम राइज विद्यालय नरसिंहपुर में अध्ययनरत कक्षा 9वीं की छात्राएं सेजल लोधी, आयुषी राजपूत एवं अनुष्का साहू आज अपने सपनों को मजबूती से आगे बढ़ा रही हैं। ये छात्राएं क्रमशः ग्राम रीछा, देवनगर और बरगी से प्रतिदिन लगभग 5 किलोमीटर की दूरी तय कर विद्यालय आती-जाती हैं। पहले स्कूल पहुँचना था चुनौती छात्राओं ने बताया कि पहले उनके पास विद्यालय आने-जाने का कोई सुविधाजनक साधन नहीं था। रोजाना पैदल या अन्य साधनों पर निर्भर रहना पड़ता था। कई बार दूरी और समय की वजह से समय पर पहुँचना मुश्किल हो जाता था, जिससे उनकी पढ़ाई भी प्रभावित होती थी। कभी-कभी बारिश, गर्मी या रास्ते की परेशानी के कारण उन्हें अतिरिक्त कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। साइकिल मिली तो पढ़ाई को मिली रफ्तार प्रदेश सरकार द्वारा नि:शुल्क साइकिल मिलने के बाद उनकी दिनचर्या ही बदल गई। अब वे समय पर विद्यालय पहुँचती हैं, नियमित रूप से कक्षाओं में उपस्थित रहती हैं और पढ़ाई में पहले से अधिक मन लगाकर आगे बढ़ रही हैं। साइकिल ने उनके लिए सिर्फ सफर ही नहीं आसान किया, बल्कि आत्मनिर्भरता और आत्मविश्वास भी बढ़ाया है। सपनों को मिली नई दिशा साइकिल मिलने के बाद इन छात्राओं के चेहरे पर खुशी और आंखों में भविष्य के सपने साफ दिखाई देते हैं। वे अब बिना डर और परेशानी के स्कूल जाती हैं और खुद को आगे बढ़ते हुए महसूस कर रही हैं। यह योजना उनके लिए शिक्षा की ओर एक मजबूत कदम साबित हुई है। राहुल वासनिक ईएमएस / 21/01/2026