व्यापार
27-Jan-2026


- अंतरराष्ट्रीय बाजार में चांदी का भाव लगभग 109 डॉलर प्रति औंस नई ‎दिल्ली (ईएमएस)। सोना और चांदी की कीमतें इस समय रिकॉर्ड ऊंचाइयों पर पहुंच चुकी हैं। खासतौर पर चांदी की कीमतों में तेजी ने निवेशकों को चौंका दिया है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में चांदी का भाव लगभग 109 डॉलर प्रति औंस है, जबकि चीन में यह 125 डॉलर प्रति औंस तक पहुंच चुका है। इसका मतलब चीन में चांदी अंतरराष्ट्रीय बाजार की तुलना में करीब 45 हजार रुपए प्रति किलो महंगी बिक रही है। भारत में चांदी चीन के मुकाबले लगभग 17 फीसदी सस्ती है। विशेषज्ञों का कहना है कि चीन में चांदी की बढ़ी कीमतों का मुख्य कारण वहां की बेहद मजबूत मांग है। दुनिया की कुल चांदी आपूर्ति में चीन की हिस्सेदारी 65 फीसदी से अधिक है। यहां चांदी केवल आभूषणों तक सीमित नहीं है, बल्कि हाजिर (स्पॉट) और वायदा (फ्यूचर्स) बाजार में बड़े पैमाने पर निवेश के लिए भी खरीदी जा रही है। चीनी निवेशक इसे सुरक्षित निवेश मानकर लगातार बड़ी मात्रा में खरीदारी कर रहे हैं, जिससे कीमतें तेजी से बढ़ रही हैं। चांदी की कीमतों में आई इस तेजी के पीछे चीन की बदली हुई निर्यात नीति भी अहम भूमिका निभा रही है। जनवरी से केवल सरकारी लाइसेंस वाली कंपनियां ही चांदी का निर्यात कर सकती हैं। इसका असर अंतरराष्ट्रीय बाजार में सप्लाई पर पड़ा है और वैश्विक स्तर पर कीमतों को बढ़ावा मिला है। कॉमेक्स पर चांदी की कीमतों में हाल ही में 8 फीसदी तक की तेजी देखी गई, हालांकि इस दौरान हल्की गिरावट भी दर्ज हुई है। चीन में चांदी की बढ़ी कीमतें और सख्त निर्यात नियम अंतरराष्ट्रीय बाजार पर सीधे असर डाल रहे हैं। निवेशक वैश्विक सप्लाई और चीन की मांग पर नजर बनाए हुए हैं, जिससे चांदी की कीमतों में भविष्य में भी उतार-चढ़ाव की संभावना बनी हुई है। सतीश मोरे/27जनवरी ---