- तीन माह से वेतन नहीं मिला, कामकाज पूरी तरह ठप राजगढ़(ईएमएस) जिले की नरसिंहगढ़ नगर पालिका में मंगलवार से करीब 50-60 कर्मचारी हड़ताल पर हैं। कर्मचारियों ने कार्यालय के मुख्य गेट पर धरना देकर नारेबाजी की, जिससे नगर पालिका का कामकाज पूरी तरह ठप हो गया है। इस हड़ताल के कारण आम जनता को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष और नगर पालिका में नाकेदार पद पर कार्यरत पुरसिंह दांगी ने बताया कि कर्मचारियों को पिछले तीन से चार महीनों से वेतन नहीं मिला है। इसके अतिरिक्त, उनके जीपीएफ (जनरल प्रोविडेंट फंड) और एपीएफ (एनुअल प्रोविडेंट फंड) की कटौती राशि भी बकाया है, जो उन्हें प्राप्त नहीं हुई है। दांगी के अनुसार, कर्मचारियों की मुख्य मांग है कि उन्हें हर महीने समय पर वेतन का भुगतान किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक दिसंबर तक का बकाया वेतन नहीं मिल जाता, तब तक हड़ताल जारी रहेगी। कर्मचारियों ने प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की है l नगर पालिका प्रशासन इस स्थिति को नियंत्रित करने और कर्मचारियों की मांगों का समाधान खोजने के लिए विचार-विमर्श कर रहा है। कर्मचारियों ने कहा है कि यदि प्रशासन समय पर वेतन भुगतान सुनिश्चित करता है, तो हड़ताल समाप्त की जा सकती है। -निखिल कुमार (राजगढ़)27/1/2026