राज्य
27-Jan-2026
...


-खर-पतवार लेने गई थीं प्रियंका और सिंकी - संतुलन बिगड़ने से हुआ हादसा सारण, ईएमएस। सारण जिले के नगरा प्रखंड अंतर्गत खैरा थाना क्षेत्र के कृष्णा चौक खानपुर गांव में मंगलवार को एक हृदयविदारक हादसा हो गया। बगोत बाबा पोखर में डूबने से दो युवतियों की दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है, वहीं मृतक युवतियों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव का माहौल पूरी तरह गमगीन हो गया है। मृत युवतियों की पहचान खैरा थाना क्षेत्र के भदरिया गांव निवासी धर्मनाथ महतो की 19 वर्षीय पुत्री प्रियंका कुमारी और विश्वनाथ महतो की 18 वर्षीय पुत्री सिंकी कुमारी के रूप में की गई है। परिजनों और ग्रामीणों के अनुसार, दोनों युवतियां मंगलवार को बगोत बाबा पोखर के पास खर-पतवार लाने गई थीं। इसी दौरान वे पोखर के किनारे उगे अईठा को चुनने लगीं। तभी अचानक उनका संतुलन बिगड़ गया और दोनों गहरे पानी में चली गईं। घटना के समय वहां मौजूद अन्य युवतियों और महिलाओं ने उन्हें बचाने की भरपूर कोशिश की। शोर-शराबा सुनकर आसपास के ग्रामीण भी मौके पर पहुंचे, लेकिन पोखर की गहराई अधिक होने के कारण दोनों को समय रहते बाहर नहीं निकाला जा सका। देखते ही देखते दोनों पानी में डूब गईं। इसके बाद ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना खैरा थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही खैरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से काफी मशक्कत के बाद दोनों युवतियों के शव पोखर से बाहर निकाले गए। शव निकलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। प्रियंका अपने परिवार में दो बहन और दो भाइयों में दूसरे नंबर पर थी, जबकि सिंकी पांच बहन और एक भाई में तीसरे स्थान पर थी। दोनों युवतियां परिवार की उम्मीद मानी जा रही थीं। प्रियंका की मां शनिचरी देवी और सिंकी की मां हेवांती देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है। ग्रामीण शोक संतप्त परिवारों को ढांढस बंधाने में लगे हुए हैं। घटना की जानकारी मिलने पर मुखिया प्रतिनिधि अनिल कुमार सिंह ने अंचल अधिकारी अभिषेक कुमार से पीड़ित परिवारों को मुआवजा देने की मांग की। अंचल अधिकारी ने विभागीय प्रक्रिया पूरी कर प्रति मृतक चार लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने का आश्वासन दिया है। खैरा थानाध्यक्ष अखिलेश पासवान ने बताया कि दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, छपरा भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।