:: पलासिया हादसे में घायल महिला की जान बचाने वाले आरक्षकों सहित अपराधियों को दबोचने वाली टीमें सम्मानित :: इन्दौर (ईएमएस)। इंदौर पुलिस आयुक्त (नगरीय) संतोष कुमार सिंह ने मंगलवार को कर्तव्यनिष्ठा और मानवीय सेवा की मिसाल पेश करने वाले पुलिस विभाग के 12 अधिकारियों एवं कर्मचारियों को विशेष रूप से सम्मानित किया। पुलिस कार्यालय में आयोजित एक गरिमामयी समारोह में इन जवानों को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए प्रशस्ति पत्र और नकद पुरस्कार प्रदान किए गए। समारोह में पुलिस का मानवीय चेहरा उस समय प्रमुखता से उभरा जब पलासिया चौराहे पर तैनात यातायात पुलिस के आरक्षक संजीत और महिला आरक्षक पूनम को पुरस्कृत किया गया। इन दोनों जवानों ने पलासिया क्षेत्र में हुई एक दुर्घटना में घायल महिला को बिना समय गँवाए तत्काल अस्पताल पहुँचाया और उनके परिजनों को सूचित किया। उनकी इस त्वरित कार्यवाही और संवेदनशीलता की सराहना करते हुए पुलिस आयुक्त ने उन्हें अन्य पुलिसकर्मियों के लिए प्रेरणास्रोत बताया। अपराध नियंत्रण के मोर्चे पर भी कई महत्वपूर्ण सफलताओं को सराहा गया। विजय नगर थाने के कार्यवाहक प्रआर किशोर चौधरी, आरक्षक राधेश्याम राठौर और कपिल सोनानिया को एक गंभीर अपराध में अज्ञात आरोपियों की पतारसी और उनकी सफल गिरफ्तारी के लिए सम्मानित किया गया। इसी प्रकार, हीरा नगर थाने की टीम - जिसमें उनि शिवराज सिंह, कार्यवाहक सउनि किशनलाल फलवादिया, प्रआर सौरभ सिंह और आरक्षक विश्वरतन शामिल थे, को जानलेवा हमला करने वाले अपराधियों को दबोचने में निभाई गई महत्वपूर्ण भूमिका के लिए पुरस्कृत किया गया। संयोगितागंज क्षेत्र में चाकूबाजी की घटना के तत्काल बाद आरोपी को गिरफ्तार करने वाले उनि अरविंद खत्री और आरक्षक संदीप को भी मंच पर सम्मानित किया गया। वहीं, राजवाड़ा जैसे व्यस्ततम व्यावसायिक क्षेत्र में बेहतर यातायात प्रबंधन सुनिश्चित करने के लिए महिला आरक्षक अंगुरबाला रावत को विशेष पुरस्कार मिला। पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह ने जवानों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि पुलिस का प्रथम उद्देश्य जनसेवा और सुरक्षा सुनिश्चित करना है। इस तरह के प्रोत्साहन से न केवल बल का मनोबल बढ़ता है, बल्कि समाज में पुलिस के प्रति विश्वास भी सुदृढ़ होता है। प्रकाश/27 जनवरी 2026