मुंबई (ईएमएस)। बॉलीवुड की मशहूरप्लेबैक सिंगर अलका याग्निक को पद्म भूषण सम्मान से नवाजकर भारत सरकार ने उनके संगीत योगदान को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया है। इस उपलब्धि पर अलका याग्निक ने सोशल मीडिया के जरिए अपनी भावनाएं साझा करते हुए इसे सिर्फ अपनी नहीं, बल्कि उन सभी लोगों की जीत बताया, जो उनके संगीत सफर का हिस्सा रहे हैं। अलका याग्निक ने इंस्टाग्राम पर एक भावुक पोस्ट लिखते हुए भारत सरकार का आभार जताया और कहा कि दशकों तक फिल्म और संगीत जगत में काम करने के बाद यह सम्मान मिलना उनके लिए बेहद भावनात्मक पल है। उन्होंने लिखा कि पद्म भूषण उनके जीवन और करियर का एक अहम पड़ाव है, जो उनकी वर्षों की मेहनत, समर्पण और संगीत के प्रति प्रेम का परिणाम है। अलका ने इस सम्मान को साझा खुशी बताते हुए कहा कि यह उनके अकेले का नहीं, बल्कि हर उस इंसान का है जिसने किसी न किसी रूप में उनके सफर को आसान बनाया। अपने पोस्ट में अलका ने फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े हर वर्ग का दिल से धन्यवाद किया। उन्होंने फिल्ममेकर्स, संगीतकारों, गीतकारों, सह-गायकों, संगीतकारों, तकनीशियनों, प्रेस और मीडिया का विशेष रूप से जिक्र करते हुए कहा कि ये सभी लोग फिल्मों की आत्मा होते हैं। अलका ने लिखा कि इतने लंबे और सफल सफर की कल्पना भी इन सहयोगियों के बिना संभव नहीं थी। उन्होंने यह भी कहा कि संगीत एक सामूहिक यात्रा है, जिसमें हर किसी का योगदान बराबर मायने रखता है। अलका याग्निक ने अपने परिवार, दोस्तों और प्रशंसकों के प्रति भी गहरी कृतज्ञता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि उनके चाहने वालों का प्यार और समर्थन हमेशा उनकी सबसे बड़ी ताकत रहा है। यही प्यार उन्हें लगातार बेहतर करने और संगीत से जुड़े रहने की प्रेरणा देता रहा। पोस्ट के अंत में अलका ने लिखा कि यह पल, यह यात्रा और यह सम्मान हम सभी का है और उन्होंने सभी को ढेर सारा प्यार भेजा। अलका याग्निक भारतीय सिनेमा की सबसे लोकप्रिय और सफल पार्श्व गायिकाओं में शुमार हैं। ‘एक दो तीन’ जैसे सुपरहिट गीतों से लेकर रोमांटिक और भावनात्मक गानों तक, अलका की मधुर आवाज ने कई पीढ़ियों के दिलों में खास जगह बनाई है। 90 के दशक से लेकर अब तक उन्होंने हजारों गीतों को अपनी आवाज दी है, जिनमें से कई आज भी सदाबहार माने जाते हैं। सुदामा/ईएमएस 28 जनवरी 2026