लंदन (ईएमएस)। इंग्लैंड की एक महिला ने ऐसी हरकत को अंजाम दिया, जिसके बारे में सुन कर रूह कांप जाए। इस महिला ने अपनी सहेली की बेटी को ही कैद कर लिया। महिला एक-दो दिन नहीं बल्कि पूरे 25 सालों तक अपने ही घर में कैद कर रखा। जब वो रिहा हुई तो चौंकाने वाले सच का पता चला! एक रिपोर्ट के अनुसार इंग्लैंड के ग्लाउसेस्टरशायर की रहने वाली 56 साल की अमांडा विक्सन ने वो काम किया जो कोई सोच भी नहीं सकता। रिपोर्ट के अनुसार उसने अपनी सहेली की बेटी को 25 साल तक अपने घर में कैद कर के रखा और घर से बाहर भी नहीं जाने दिया। अमांडा के 10 बच्चे थे और वो उस लड़की को नौकरानी की तरह घर में रखना चाहती थी जो बच्चों की देखभाल करे। साल 1995 से लेकर 2021 तक वो लड़की अमांडा के ही घर में कैद रही। अब वो 40वें साल में प्रवेश कर चुकी है और उसे पुलिस ने आजादी दिलवा दी है। वहां पर उसे अमांडा से रोज झाड़ू से मार पड़ती थी, उसके दांत भी तोड़ दिए गए थे। उसके मुंह में अमांडा ने साबुन का पानी डाल दिया था और चेहरे पर ब्लीच भी डाल देती थी। बिना उसकी मर्जी के उसके सिर को भी अमांडा ने शेव कर दिया था। हैरानी की बात ये थी कि महिला के एक बेटे ने पुलिस को चुपके से उस लड़की के बारे में सूचना दी, तब जाकर उसे बचाने के लिए पुलिस पहुंची। जब उसे बचाया गया, उस वक्त लड़की बेहद बुरी हालत में थी। उसे नहाए 1 साल हो गए थे। वो बिल्कुल दुबली-पतली हो गई थी। उसका बिस्तर बिल्कुल गंदा था। कोर्ट ने महिला के ऊपर जबरदस्ती मजदूरी करवाने, जबरदस्ती कैद करने और प्रताड़ना का आरोप लगाया है। कोर्ट में बताया गया कि उसके बाहर जाने के लिए सारे खिड़की-दरवाजे बंद कर दिए गए थे। अमांडा को फिलहाल कंडीशनल बेल दी गई है और मार्च में उसकी सुनवाई होनी है। सुदामा/ईएमएस 31 जनवरी 2026