क्षेत्रीय
31-Jan-2026
...


- बच्ची को बच्चे बचाएंगे अभियान 3 फरवरी को; शिक्षण संस्थानों में रखे जाएंगे डोनेशन बॉक्स इंदौर (ईएमएस)। दुर्लभ बीमारी स्पाइनल मस्कुलर एट्रोफी (एसएमए) टाइप-2 से संघर्ष कर रही मासूम अनिका शर्मा की मुस्कान बचाने के लिए अब इंदौर का विद्यार्थी जगत आगे आया है। एक कदम मदद की ओर सेवा समिति द्वारा आगामी 3 फरवरी को शहर के समस्त शैक्षणिक संस्थानों में एक विशेष जन-भागीदारी अभियान बच्ची को बच्चे बचाएंगे का आयोजन किया जाएगा। इस मुहिम के माध्यम से समाज के सबसे संवेदनशील वर्ग यानी बच्चों को एक नन्हीं जान बचाने के संकल्प से जोड़ा जाएगा। इंदौर प्रेस क्लब में आयोजित पत्रकार वार्ता में समिति के अध्यक्ष ऋषभ बागोर, नीरज संकट एवं दीपक बागोरा ने बताया कि अनिका के उपचार के लिए शहरवासियों के अथक सहयोग से अब तक लगभग 4.5 करोड़ रुपये की राशि संकलित की जा चुकी है। हालांकि, उपचार की कुल लागत अधिक होने के कारण शेष राशि को समय रहते जुटाना एक बड़ी चुनौती है। इसी लक्ष्य की प्राप्ति के लिए शहर के स्कूलों, कॉलेजों और कोचिंग संस्थानों को इस अभियान से जोड़ा जा रहा है। :: 4.5 लाख विद्यार्थियों तक पहुँचेगा संदेश :: इस मानवीय पहल को और अधिक व्यापक बनाने के लिए सीबीएसई स्कूलों के संगठन सहोदया (मोहित यादव) और स्टूडेंट फॉर सेवा ने भी हाथ मिलाया है। इनके माध्यम से इंदौर के लगभग 4.5 लाख विद्यार्थियों तक मदद की अपील पहुँचाई जा रही है। समिति ने सभी शैक्षणिक संस्थानों से आग्रह किया है कि वे 3 फरवरी को अपने परिसर में डोनेशन बॉक्स स्थापित करें और विद्यार्थियों को स्वेच्छा से मात्र 100 रुपये की सहयोग राशि देने के लिए प्रेरित करें। :: पारदर्शिता का रखा गया है पूर्ण ध्यान :: अभियान की शुचिता और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। समिति के पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया कि संस्थानों में रखे गए डोनेशन बॉक्स 4 एवं 5 फरवरी को प्रशासनिक अधिकारियों की प्रत्यक्ष निगरानी में ही खोले जाएंगे। एकत्रित की गई समस्त राशि सीधे अनिका के बैंक खाते और उपचार हेतु उपयोग में लाई जाएगी। संस्थानों को अनिका के मेडिकल दस्तावेज़, पोस्टर और अभियान की विस्तृत नियमावली पहले ही उपलब्ध करा दी गई है, ताकि किसी भी प्रकार के संशय की गुंजाइश न रहे। प्रकाश/30 जनवरी 2026