राष्ट्रीय
31-Jan-2026
...


पणजी,(ईएमएस)। भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने गोवा में शनिवार को पार्टी कार्यकर्ताओं से बूथ से लेकर राज्य स्तर तक संगठन को मजबूत करने और 2027 के विधानसभा चुनाव में हर मतदान केंद्र पर करीब 50 प्रतिशत मत हासिल करने का लक्ष्य तय किया है। पणजी के निकट कार्यकर्ताओं के सम्मेलन को संबोधित कर नए राष्ट्रीय अध्यक्ष नवीन ने कहा कि 2027 के चुनाव विकसित गोवा के दृष्टिकोण को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम होगा। उन्होंने कहा कि राज्य की विकास यात्रा जारी रखने के लिए गोवा में एक स्थिर सरकार जरुरी है। उन्होंने कहा कि बूथ प्रमुख पार्टी के संगठन में सबसे महत्वपूर्ण व्यक्ति होते हैं। नवीन ने 2027 के चुनाव में हर मतदान केंद्र पर करीब 50 प्रतिशत मत हासिल करने का लक्ष्य निर्धारित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि गोवा की प्रति व्यक्ति आय 2014 में 1.12 लाख से बढ़कर 2023-24 में करीब 3 लाख रुपये हो गई है। भाजपा अध्यक्ष नवीन ने दो हवाई अड्डों, विस्तारित एक्सप्रेसवे, राष्ट्रीय राजमार्गों और फ्लाईओवर सहित बुनियादी ढांचे के विकास का भी उल्लेख किया और कार्यकर्ताओं से गोवा की बदली तस्वीर के बारे में लोगों तक जानकारी पहुंचाने का आग्रह किया। आशीष दुबे / 31 जनवरी 2026