राष्ट्रीय
31-Jan-2026


लखनऊ,(ईएमएस)। उत्तरप्रदेश के राजधानी लखनऊ में दो बदमाशों ने एयरफोर्स से रिटायर्ड अधिकारी के माथे पर गोली मार दी। जब सेवानिवृत्त वायुसेना अधिकारी को गोली मारी गई वह पत्नी के साथ अपने रेस्टोरेंट में थे। रात करीब 10 बजे वे रेस्टोरेंट बंद कर रहे थे। यहां का कुछ सामान रखने अपनी कार तक लेकर पहुंचे। तभी वहां दौड़कर आए दो लोगों ने उनका नाम पूछा और एक बदमाश ने कहा कि यही है मारो। इतना सुनते ही दूसरे बदमाश ने फायर कर दिया। गोली रिटायर्ड अधिकारी की दाहिनी आंख के ऊपर माथे पर लगी। गोली लगते ही वह गिर पड़े और बदमाश फरार हो भाग गए। घायल की पहचान अवधेश कुमार पाठक (60) के रूप में हुई। उन्हें उनकी पत्नी ने लोगों की मदद से मेदांता अस्पताल पहुंचाया जहां उपचार हो रहा है। पुलिस ने बताया कि घायल की पत्नी मिथिलेश की शिकायत पर 2 अज्ञात पर एफआईआर दर्ज कर जांच जारी है। शॉपिंग स्क्वायर में अवधेश अपनी पत्नी के साथ रेस्टोरेंट चलाते हैं। हमलावर रेस्टोरेंट के बाहर उनका इंतजार कर रहे थे। अवधेश को गोली मारकर भाग गए। गोली लगने के बाद अवधेश गिरे जरूर लेकिन संभलते हुए खड़े हुए और अपने रेस्टोरेंट तक पहुंच गए। पत्नी के अनुसार, डॉक्टरों ने बताया है कि गोली उनके माथे में ही फंसी हुई है। घायल अवधेश संतकबीरनगर के हावपुर गड़ारी थाना बखिरा के रहने वाले हैं। उनकी एक बेटी कनाडा में हैं और बेटा पुणे में है। आशीष दुबे / 31 जनवरी 2026