तेहरान(ईएमएस)। पिछले कई महीनों से आंतरिक अशांति और प्रदर्शनों का सामना कर रहे ईरान से एक बार फिर दहला देने वाली खबरें सामने आ रही हैं। शनिवार को ईरान के दक्षिणी तटीय शहर बंदर अब्बास और इराक सीमा के पास स्थित अहवाज में शक्तिशाली धमाके हुए, जिसमें अब तक कम से कम पांच लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है। इन घटनाओं में 14 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। स्थानीय अधिकारियों और अग्निशमन विभाग के अनुसार, बंदर अब्बास में हुआ धमाका प्राथमिक जांच में गैस रिसाव का परिणाम नजर आता है। शहर के अग्निशमन प्रमुख मोहम्मद अमीन लियाकत ने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा कि शुरुआती जांच के आधार पर यह गैस से जुड़ी दुर्घटना लग रही है, हालांकि विस्तृत रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगी। घटनास्थल से आए वीडियो और तस्वीरों में भारी तबाही का मंजर देखा जा सकता है, जहाँ मलबे में तब्दील इमारतों के सामने क्षतिग्रस्त गाड़ियाँ और उखड़े हुए पेड़ नजर आ रहे हैं। उपग्रह तस्वीरों के माध्यम से भी इन स्थानों पर हुए नुकसान की पुष्टि की गई है। आधिकारिक तौर पर केवल दो शहरों की जानकारी दी गई है, लेकिन कुछ अपुष्ट रिपोर्टों में दावा किया जा रहा है कि राजधानी तेहरान, तबरीज, कोम, नंताज और परंद समेत कुल सात स्थानों पर विस्फोट हुए हैं। हालांकि, ईरान सरकार ने अभी तक इन सभी धमाकों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। सुरक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि इन धमाकों के पीछे तकनीकी खराबी या सुरक्षा चूक हो सकती है। ईरान में इन संदिग्ध धमाकों के बाद अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अटकलों का बाजार भी गर्म हो गया है। क्षेत्र में जारी तनाव को देखते हुए शुरुआती शक अमेरिका और इजरायल की ओर गया, लेकिन दोनों ही देशों के अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि इन घटनाओं में उनकी कोई भूमिका नहीं है। फिलहाल प्रशासन राहत और बचाव कार्य में जुटा है और गैस पाइपलाइनों की सुरक्षा की गहन जांच की जा रही है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके। वीरेंद्र/ईएमएस/01फरवरी2026