राष्ट्रीय
01-Feb-2026
...


सपा प्रमुख ने अखिलेश ने आम बजट पर कसा तंज-सरकार से कोई उम्मीद नहीं लखनऊ,(ईएमएस)। यूपी के पूर्व सीएम और समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने केंद्रीय बजट 2026 के पेश होने से पहले ही हमला बोला। उन्होंने आम बजट को लेकर कहा कि इससे हमें कोई उम्मीद है। उन्होंने सरकार से ही ना उम्मीद होने की बात कही। दरअसल, 2027 में होने वाले यूपी विधानसभा चुनाव से पहले आम बजट को अहम माना जा रहा है। ऐसे में अखिलेश इसकी पहले से ही मुखालफत करते नजर आ रहे हैं। दरअसल आम बजट 2026 रविवार सुबह 11 बजे लोकसभा में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण पेश कर रही हैं। इससे पहले संसद भवन परिसर में आयोजिक केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में इसे मंजूरी दी। आम बजट 2026 पेश होने से पहले अखिलेश यादव ने मीडिया से बातचीत में कहा कि जिस सरकार से कोई उम्मीद नहीं है, उसके बजट से क्या उम्मीद करें? ये बजट पांच फीसदी लोगों के लिए बनता है। सरकार ने जो वादे अपने घोषणा पत्र में किए थे, क्या उसपर खरी उतरी है? अखिलेश ने कहा पिछले तमाम बजटों में देखने को मिला है कि यह एक बटा 20 लोगों के लिए बनता है यानी 5 फीसदी लोगों के लिए ही बजट बनाया जाता है। उनहोंने आगे कहा कि आज सरकार को यह भी सोचना चाहिए कि उन्होंने जो वादे किए थे, क्या वे पूरे हुए? पीछे मुड़कर वे देखें और सोचें कि क्या उन वादों पर खड़े उतरे हैं? स्मार्ट सिटी बनाने के बहाने पैसा बहाया गया। उन्होंने कहा कि अच्छा बजट वह है जो गरीब के चेहरे पर मुस्कान और जीवन में खुशहाली ले आए। सरकार इसमें विफल रही है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक अखिलेश यादव ने कहा कि जिस इंदौर शहर को सबसे ज्यादा पुरस्कार मिले थे। सफाई और सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट को लेकर चर्चा हो रही थी। वहां लोगों की कैसे जान चली गई? उन्होंने कहा कि जो सरकार गरीबों की प्रति व्यक्ति आय ना बता पा रही हो। ये कह रहे हैं कि हमने इतने गरीब लोगों को पीडीएस सिस्टम और खाना देने से जोड़ दिया है, उस पर क्या टिप्पणी की जाए। अखिलेश ने आरोप लगाया कि इस बजट से रिफॉर्म नहीं, डिफॉर्म होगा। उन्होंने सवाल किया कि किसानों की आय दोगुनी करने के दावों का क्या हुआ। उन्होंने प्रभु श्रीराम का जिक्र भी इस मौके पर किया। उन्होंने कहा कि टीवी वाले राम जी यानी मेरठ सांसद अरुण गोविल को पीछे की पंक्ति में बैठाए जाने पर सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि ये कैसे रामभक्त हैं। अगर वह टीवी वाले राम जी को प्रधानमंत्री के बगल में बैठाएं तब माना जाए। दरअसल, अखिलेश अपने बगल में अयोध्या सांसद अवधेश प्रसाद को बैठाते दिखे। इसके जरिए वे एक बड़ी राजनीति करते दिख रहे हैं। वहीं, सपा सांसद प्रो. रामगोपाल यादव ने भी कहा कि इस बजट से हमें कोई उम्मीद नहीं है। उन्होंने कहा कि तीन-चार व्यापारी जो बता देंगे, वैसा बजट बनकर आ जाएगा। आम जनता के लिए इससे कोई उम्मीद नहीं है। अखिलेश यादव ने बयान से विपक्ष का बजट पर रुख साफ कर दिया है। इस बजट का विपक्ष हर हाल में विरोध करेगा। यह तय माना जा रहा है। वहीं, सत्ताधारी पक्ष की ओर से बजट में गरीब और किसानों को राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। कुछ नई योजनाओं का ऐलान भी हो सकता है। ऐसे में निर्मला सीतारमण के नौवें बजट पर हर किसी की नजर है। सिराज/ईएमएस 01फरवरी26 -----------------------------------