नई दिल्ली,(ईएमएस)। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा पेश किए गए केंद्रीय बजट 2026 के बाद देशभर से प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। इस कड़ी में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बजट की सराहना करते हुए इसे “आत्मनिर्भर और विकसित भारत” के संकल्प को साकार करने वाला बताया है। अमित शाह ने कहा कि यह बजट केवल घोषणाओं का दस्तावेज नहीं, बल्कि जमीनी हकीकत से जुड़ा हुआ एक दूरदर्शी रोडमैप है। गृह मंत्री अमित शाह ने अपने पहले बयान में कहा कि बजट 2026-27 के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यह स्पष्ट कर दिया है कि आत्मनिर्भर और विकसित भारत सिर्फ एक नारा नहीं, बल्कि सरकार की ठोस प्रतिबद्धता है। उन्होंने कहा कि इस बजट में हर क्षेत्र, हर वर्ग और हर नागरिक को सशक्त बनाने का स्पष्ट ब्लूप्रिंट मौजूद है, जो देश को विकास की नई ऊंचाइयों तक ले जाएगा। शाह के अनुसार, यह बजट एक ऐसे भारत के निर्माण की दिशा में अहम कदम है जो वैश्विक स्तर पर हर क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभाए। मैन्युफैक्चरिंग से लेकर इंफ्रास्ट्रक्चर, स्वास्थ्य से लेकर पर्यटन, ग्रामीण विकास से लेकर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, खेल से लेकर धार्मिक और सांस्कृतिक तीर्थों तक—बजट में सभी क्षेत्रों को संतुलित रूप से प्राथमिकता दी गई है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत बजट हर गांव, हर कस्बे और हर शहर के युवाओं, महिलाओं और किसानों के सपनों को साकार करने की ताकत रखता है। रोजगार सृजन, उद्यमिता को बढ़ावा, किसानों की आय में वृद्धि और महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए किए गए प्रावधान इस बजट को सर्वसमावेशी बनाते हैं। साथ ही, आधुनिक तकनीक और नवाचार पर जोर देकर भारत को भविष्य के लिए तैयार करने की स्पष्ट सोच भी इसमें दिखाई देती है। अमित शाह ने यह भी कहा कि 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए यह बजट अगले 25 वर्षों के विकास का रोडमैप प्रस्तुत करता है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को इस दूरदर्शी और जनकल्याणकारी बजट के लिए बधाई दी और कहा कि यह बजट हर भारतवासी के लिए नए अवसर और नई उम्मीदें लेकर आया है। उन्होंने अंत में कहा कि यह बजट मजबूत, आत्मनिर्भर और समृद्ध भारत के निर्माण की दिशा में एक निर्णायक कदम है, जिसके सकारात्मक परिणाम आने वाले वर्षों में स्पष्ट रूप से दिखाई देंगे। हिदायत/ईएमएस 01फरवरी26