ट्रेंडिंग
01-Feb-2026
...


-ट्रंप हमें जानकारी दे रहे हैं हमारी केंद्र सरकार ने क्या किया क्या करने वाली है नई दिल्ली,(ईएमएस)। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत को लेकर फिर दावा किया है, जिसे लेकर सियासी घमासान शुरु हो गया है। ट्रंप ने तेल खरीदने को लेकर कहा कि अगर चीन वेनेजुएला का तेल खरीदना चाहता है तो उसका स्वागत है। उन्होंने दावा किया कि भारत ने भी वेनेजुएला का तेल खरीदने की बात कही है। ट्रंप के इस दावे पर कांग्रेस ने सवाल उठाए हैं। जयराम रमेश ने एक्स पर पोस्ट में ट्रंप के लगातार भारत को लेकर किए जा रहे दावों पर टिप्पणी की है। उन्होंने कहा कि ट्रंप हमें लगातार यह जानकारी दे रहे हैं कि हमारी अपनी सरकार ने क्या किया है या क्या करने वाली है। यह पूरा मामला रविवार को उस समय सामने आया जब व्हाइट हाउस प्रशासन ने राष्ट्रपति ट्रंप का एक बयान जारी किया है, जिसमें ट्रंप ने वेनेजुएला के तेल की खरीद को लेकर बड़ा दावा किया। उन्होंने कहा कि चीन का स्वागत है, वह आएं और वेनेजुएला तेल पर एक जबरदस्त डील करें। हमने पहले ही अहम समझौता किया है। भारत भी आ रहा है और वे ईरान से खरीदने के बजाय वेनेजुएला से तेल खरीदेंगे। हमने पहले ही डील का कॉन्सेप्ट बना लिया है। ट्रंप के इस बयान पर जयराम रमेश ने रिएक्ट किया। उन्होंने ट्रंप के बयान का ऑडियो शेयर करते हुए कहा कि उन्होंने हमें बताया कि ऑपरेशन सिंदूर रोक दिया गया है। उन्होंने हमें बताया कि भारत ने रूसी तेल खरीदना बंद कर दिया है। और अब यह। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक जयराम रमेश ने आगे लिखा- राष्ट्रपति ट्रंप हमें लगातार यह जानकारी दे रहे हैं कि हमारी अपनी सरकार ने क्या किया है या क्या करने वाली है। ट्रंप जिस तरह से लगातार भारत को लेकर दावे करते रहते हैं, कांग्रेस नेता ने इसी पर सवाल उठाए हैं। ये पहली बार नहीं है जब ट्रंप ने भारत के कूटनीतिक फैसलों को लेकर टिप्पणी की है। इससे पहले मई 2025 में भारत-पाकिस्तान संघर्ष के दौरान भी ट्रंप ने संघर्ष विराम का दावा करके सबको चौंका दिया था। इसके बाद से लगातार कई बार ट्रंप अपने सीजफायर कराने की बात पर अड़े रहे, हालांकि, भारत ने इस दावे को हमेशा खारिज किया। अब देखना है कि ट्रंप के वेनेजुएला का तेल खरीदने के दावे पर केंद्र सरकार की ओर से क्या प्रतिक्रिया आती है। सिराज/ईएमएस 01फरवरी26