राज्य
01-Feb-2026


भोपाल(ईएमएस)। गांधी नगर थाना इलाके में स्थित संत आशाराम तिराहे पर आर्मी की स्कूल बस की टक्कर से बाइक सवार महिला की जान चली गई। घटना के समय महिला अपने पति के साथ बाइक से जा रही थी, हादसे में पति को मामूली चोटें आई थीं। घटना के बाद पति अपनी घायल पत्नी को इलाज के लिये निजी अस्पताल लेकर पहुंचा था। वहां उपचार के दौरान शुक्रवार-शनिवार की रात महिला की मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक शांति नगर गांधी नगर निवासी हेमवती कुशवाह पत्नी जगदीश कुशवाह (38) एक संस्था में सफाईकर्मी का काम करती थीं, वही उनके पति हम्माली का काम करते हैं। जगदीश ने पुलिस को बताया कि शुक्रवार सुबह करीब 9 बजे वह पत्नी को ड्यूटी से लेकर बाइक से घर जा रहे थे। संत आशाराम नगर तिराहा पहुंचते ही आर्मी की बस ने उनकी बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर लगने से दंपति चलती बाइक सहित सड़क पर गिर गए थे। हादसे में हेमवती के सिर में गंभीर चोट आई थी। इलाज के दौरान शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात उसकी अस्पताल में मौत हो गई। अस्पताल से मिली सूचना पर पहुचीं पुलिस ने मर्ग कायम कर आगे की जॉच शुरु कर दी है। जुनेद / 1 फरवरी