राज्य
01-Feb-2026


रायवाला (ईएमएस)। दून पुलिस की सटीक रणनीति और सक्रिय कार्रवाई से रायवाला क्षेत्र में हुई दो अलग-अलग चोरी की घटनाओं का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इन मामलों में शामिल तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब एक लाख रुपये मूल्य की चोरी की ज्वेलरी, जरूरी दस्तावेज और अन्य सामान बरामद किया गया है। चोरी में प्रयुक्त स्विफ्ट कार को भी पुलिस ने सीज कर लिया है। पुलिस के अनुसार छिद्दरवाला रायवाला निवासी अर्जुन सिंह ने अपने घर के ताले तोड़कर ज्वेलरी और नगदी चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर विशेष पुलिस टीम गठित की गई।पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और स्थानीय मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। जांच के दौरान पूर्व में चोरी के मामलों में शामिल रहे आरोपियों की गतिविधियों पर भी नजर रखी गई। 31 जनवरी की रात चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने रायवाला क्षेत्र के तीन पानी फ्लाईओवर के पास से राजवी उर्फ राजीव, राहुल अहिरवार और लोकेश वर्मा उर्फ सन्नी को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने साहबनगर क्षेत्र में एक अन्य बंद मकान में चोरी की घटना को अंजाम देने की बात भी स्वीकार की।पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर दोनों घटनाओं में चोरी किया गया माल बरामद कर लिया है। पुलिस के अनुसार तीनों आरोपी पूर्व में भी चोरी के मामलों में जेल जा चुके हैं। चोरी की गई कुछ ज्वेलरी दिल्ली में बेचे जाने की जानकारी सामने आई है, जिस पर आगे की कार्रवाई जारी है। शैलेन्द्र नेगी/ईएमएस/01 फरवरी 2026