क्षेत्रीय
01-Feb-2026
...


रायपुर (ईएमएस)। रायपुर प्रेस क्लब द्वारा आयोजित खेल मड़ई का शानदार आगाज उपमुख्यमंत्री एवं खेल मंत्री अरुण साव ने किया। इस अवसर पर श्री साव ने कहा कि प्रेस क्लब द्वारा किया गया यह आयोजन सराहनीय है। अच्छे स्वास्थ्य और सकारात्मक जीवनशैली के लिए सभी को नियमित रूप से खेल गतिविधियों में भाग लेना चाहिए। खेल मड़ई के अंतर्गत आयोजित स्व. कुलदीप निगम स्मृति इंटर प्रेस क्रिकेट स्पर्धा का पहला मुकाबला संपादक इलेवन और पूर्व पदाधिकारी इलेवन के बीच खेला गया। दोनों टीमों के बेहतरीन प्रदर्शन ने मुकाबले को रोमांचक और यादगार बना दिया। 10 ओवर के इस मैच में टॉस जीतकर संपादक इलेवन के कप्तान रामावतार तिवारी ने पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। टीम को मनोज सिंह बघेल और अभिषेक शुक्ला ने अच्छी शुरुआत दिलाई, लेकिन सुशील अग्रवाल की सधी हुई गेंदबाजी के चलते एक समय संपादक इलेवन के लगातार 5 विकेट गिर गए। कठिन परिस्थिति में अंशुमन शर्मा ने संयमित बल्लेबाजी करते हुए एक छोर संभाले रखा और सर्वाधिक 19 रन बनाए। निर्धारित 10 ओवर में संपादक इलेवन ने 70 रन बनाकर पूर्व पदाधिकारी इलेवन को 71 रनों का लक्ष्य दिया। लक्ष्य का पीछा करते हुए पूर्व पदाधिकारी इलेवन की ओर से वीरेंद्र शर्मा और राजेश मिश्रा ने अच्छी बल्लेबाजी की, वहीं सुशील अग्रवाल ने टीम के लिए सर्वाधिक रन बनाए। हालांकि संपादक इलेवन के कप्तान रामावतार तिवारी की कुशल कप्तानी में समीर शुक्ला, मोहित साहू, राजेंद्र निगम और अभिषेक शुक्ला की किफायती गेंदबाजी ने दबाव बनाए रखा। मैच का अंतिम ओवर बेहद रोमांचक रहा, जिसमें पूर्व पदाधिकारी इलेवन को जीत के लिए 8 रनों की जरूरत थी, लेकिन राजेंद्र निगम की शानदार गेंदबाजी के सामने टीम केवल 6 रन ही बना सकी और इस तरह संपादक इलेवन ने यह मुकाबला 1 रन से जीत लिया। मैच में उत्कृष्ट ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए पूर्व पदाधिकारी इलेवन के सुशील अग्रवाल को मैन ऑफ द मैच चुना गया। वहीं संपादक इलेवन के अंशुमन शर्मा को सर्वाधिक रन (बेस्ट बैट्समैन), राजेंद्र निगम को बेस्ट बॉलर और मोहित साहू को बेस्ट फील्डर का पुरस्कार प्रदान किया गया। इस हाई-वोल्टेज मुकाबले को देखने के लिए रायपुर प्रेस क्लब के अध्यक्ष मोहन तिवारी, महासचिव गौरव शर्मा, उपाध्यक्ष दिलीप साहू, कोषाध्यक्ष दिनेश यदु, सहसचिव निवेदिता साहू एवं भूपेश जांगड़े, खेल आयोजन समिति के संयोजक विजय मिश्रा, वरिष्ठ पत्रकार प्रशांत शर्मा सहित बड़ी संख्या में पत्रकारगण उपस्थित रहे। सोमवार को होने वाले अगले मुकाबले में अपेक्स बैंक के अध्यक्ष केदारनाथ गुप्ता, वरिष्ठ पत्रकार शंकर पांडे एवं भास्कर के संपादक शिव दुबे की उपस्थिति में प्रेस 11 स्टार और सीनियर संयुक्त इलेवन के बीच मैच खेला जाएगा। चंद्राकर/01 फ़रवरी 2026