खेल
01-Feb-2026
...


- 4 फरवरी को अफगानिस्तान से होगा मुकाबला बुलावायो (ईएमएस)। आईसीसी मेन्स अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 में भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सेमीफाइनल में जगह बना ली है। बुलावायो के क्वींस स्पोर्ट्स क्लब में खेले गए सुपर-सिक्स मुकाबले में भारत ने पाकिस्तान को 58 रनों से हराकर अंतिम-4 में प्रवेश किया। इस हार के साथ पाकिस्तान टूर्नामेंट से बाहर हो गया। रविवार को खेले गए मुकाबले में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 49.5 ओवर में 252 रन बनाए। जवाब में पाकिस्तान की टीम 46.2 ओवर में सिर्फ 194 रनों पर सिमट गई। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी रही। वैभव सूर्यवंशी (30) और एरॉन जॉर्ज (16) ने पहले विकेट के लिए 47 रन जोड़े। हालांकि इसके बाद भारतीय टीम ने जल्दी-जल्दी तीन विकेट खो दिए और स्कोर 47/3 हो गया। ऐसे में वेदांत त्रिवेदी और विहान मल्होत्रा ने पारी को संभाला। दोनों ने चौथे विकेट के लिए 62 रनों की अहम साझेदारी की। वेदांत ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 98 गेंदों में 68 रन बनाए, जिसमें 2 चौके और 1 छक्का शामिल था। इसके अलावा आरएस अम्बरीश (29), कनिष्क चौहान (35), और खिलान पटेल (21) ने उपयोगी योगदान दिया, जिससे भारत 252 के सम्मानजनक स्कोर तक पहुंच पाया। पाकिस्तान के अब्दुल सुभान ने तीन विकेट झटके, जबकि मोहम्मद सय्याम को दो सफलताएं मिलीं। 253 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए पाकिस्तान की शुरुआत कमजोर रही। समीर मिन्हास (9) को हेनिल पटेल ने एलबीडब्ल्यू कर पवेलियन भेजा। इसके बाद हमजा जहूर (42) और उस्मान खान (66) ने दूसरे विकेट के लिए 65 रन जोड़कर टीम को संभालने की कोशिश की। लेकिन भारतीय गेंदबाजों ने नियमित अंतराल पर विकेट लेकर पाकिस्तान की उम्मीदों को तोड़ दिया। कप्तान आयुष म्हात्रे और खिलान पटेल ने तीन-तीन विकेट झटके। विहान मल्होत्रा, कनिष्क चौहान, हेनिल पटेल और आरएस अम्बरीश को एक-एक विकेट मिला। पाकिस्तान की पूरी टीम 194 पर ढेर हो गई और भारत ने मुकाबला 58 रनों से अपने नाम कर लिया।