अलग-अलग तीन हादसों में चार की मौत छिंदवाड़ा (ईएमएस)। बीते २४ घंटे के दौरान चार अलग-अलग घटनाओं में चार लोगों की मौत हो गई। सभी मामलों में पुलिस मर्ग कायम कर मामले की जांच कर रही है। पहली घटना कोयलांचल के परासिया थाना क्षेत्र के खिरसाडोह-रावनवाड़ा बायपास मार्ग की है। यहां एक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार ससुर और दामाद को टक्कर मार दी, हादसे में दोनों की मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि रावनवाड़ा निवासी शमसुल हक कुरैशी (५०) अपने दामाद शंकरगढ़ निवासी इरफान खान के साथ कारपेंटर का काम करते है। शनिवार की शाम दोनों एक ही बाइक पर सवार होकर छिंदवाड़ा से वापस रावनवाड़ा लौट रहे थे। इसी दौरान रावनवाड़ा और खिरसाडोह बायपास मार्ग पर एक तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में शमसुल हक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके दामाद ने उपचार के दौरान अस्पताल में दम तोड़ दिया। पुलिस मर्ग कायम कर मामले की जांच कर रही है। कार ने शिक्षक को मारी टक्कर दूसरा मामला कुंडीपुरा थाने की धरमटेकरी चौकी क्षेत्र का है। यहां एक तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार शिक्षक को टक्कर मार दी। हादसे में उनकी मौत हो गई। मामले में धरमटेकरी चौकी प्रभारी ने बताया कि परसराम सरेयाम पिता झाडू़लाल सरेयाम (५०) निवासी गाडरा शिक्षक के पद पर हिवरखेड़ी में पदस्थ है। शनिवार की शाम करीब साढ़े सात बजे वे स्कूल से वापस घर लौट रहे थे, इसी दौरान कार क्रमांक एमपी २२ टी ०७७० के चालक ने लापरवाही पूर्वक चलाते हुए उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में शिक्षक की मौके पर ही मौत हो गई। वाहन की टक्कर में मजदूर की मौत इधर तीसरा मामला मोहखेड़ थाना क्षेत्र के सांरगबिहरी मार्ग पर हुए सड़क हादसे में एक मजदूर की मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि मोहखेड़ के झिरिया निवासी मनोज पिता सुखमन यादव (४०) सेटिंग लगाने का काम करता है। शनिवार को वह काम करने के लिए बाइक से साइट पर जा रहा था। इस दौरान सारंगबिहारी गांव के पास वह सड़क पर घायल अवस्था में मिला। सूचना पर पहुंची 108 से उसे जिला अस्पताल लाया गया। जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। ईएमएस/मोहने/ 01 फरवरी 2026