क्षेत्रीय
02-Feb-2026
...


रायगढ़(ईएमएस)। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में जंगली हाथियों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। धरमजयगढ़ वनमंडल के छाल रेंज अंतर्गत ग्राम चुहकीमार में एक जंगली हाथी के हमले से 70 वर्षीय गंगाराम सारथी की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में सन्नाटा पसरा हुआ है और ग्रामीणों में भारी दहशत देखी जा रही है। जानकारी के अनुसार, गंगाराम रोजाना की तरह सुबह लकड़ी लेने जंगल गए थे। दोपहर करीब ढाई बजे उनका सामना एक विशालकाय हाथी से हुआ। इससे पहले कि बुजुर्ग संभल पाते, हाथी ने उन पर हमला कर उन्हें कुचल दिया। वन विभाग की टीम और हाथी मित्र दल ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभालने की कोशिश की और शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम और मुआवजे की कार्रवाई शुरू कर दी। रायगढ़ जिले में हाथियों की बढ़ती संख्या चिंता का विषय बनी हुई है। आंकड़ों के अनुसार, जिले में कुल 101 हाथी विचरण कर रहे हैं, जिनमें रायगढ़ वन मंडल में 59 और धरमजयगढ़ वन मंडल में 42 हाथी सक्रिय हैं। इनमें 32 नर, 48 मादा और 21 शावक शामिल हैं। चुहकीमार के जंगलों में अभी भी 12 हाथियों का दल मौजूद है, जिससे आसपास के रिहायशी इलाकों में खतरा बना हुआ है। वहीं, बीती रात दंतैल हाथी ने लैलूंगा रेंज के कई गांवों में उत्पात मचाया। टोंगोटोला, झारआमा, पाकरगांव और सागरपाली में पांच ग्रामीणों के मकान ध्वस्त हो गए। प्रेमनगर और कुडेकेला क्षेत्रों में फसलें और सिंचाई पाइपों को भी भारी नुकसान पहुंचा। वन विभाग की टीमें प्रभावित क्षेत्रों में नुकसान का आंकलन कर रही हैं और ग्रामीणों को जंगल की ओर जाने से रोकने की चेतावनी दी गई है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)02 फरवरी 2026