राष्ट्रीय
02-Feb-2026
...


5 से 7 फरवरी के बीच तीसरा वेस्टर्न डिस्टरबेंस से फिर मौसम बदलेगा नई दिल्ली,(ईएमएस)। जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश के कई इलाकों में रविवार बर्फबारी और बारिश हुई। मौसम विभाग के मुताबिक दो वेस्टर्न डिस्टरबेंस के असर से 3 फरवरी तक हिमालयी राज्यों जम्मू-कश्मीर, हिमाचल, उत्तराखंड में बारिश और बर्फबारी जारी रहेगी। मैदानी राज्यों दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश में हल्की बारिश होने और घने कोहरे की संभावना है। सोमवार सुबह 7 बजे तक आगरा, सरसवा, बरेली, हिंडन और बठिंडा में घने कोहरे के कारण विजिबिलिटी जीरो रही। आईएमडी ने उत्तरप्रदेश, दिल्ली और आंध्र प्रदेश के समुद्र किनारे बसे जिलों में अगले 3 घंटे घने कोहरे का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। 5 से 7 फरवरी के बीच तीसरा वेस्टर्न डिस्टरबेंस पश्चिमी हिमालयी राज्यों में फिर मौसम बदलेगा। पश्चिमी विक्षोभ से आने वाली हवाओं का सिस्टम है, जो सर्दियों के दौरान उत्तर भारत में बारिश और पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी कराता है। जम्मू-कश्मीर के पहलगाम और काजीगुंड के ऊंचाई वाले इलाकों में रविवार को बर्फबारी हुई। वहीं, श्रीनगर समेत दक्षिण कश्मीर के कई हिस्सों में बारिश हुई। गुलमर्ग सबसे ठंडा इलाका रहा, जहां न्यूनतम तापमान माइनस-7 डिग्री सेल्सियस रहा। उत्तराखंड के उत्तरकाशी में गंगोत्री-यमुनोत्री धाम में रविवार को बर्फबारी हुई। हरियाणा और पंजाब में भी न्यूनतम तापमान बढ़ा है और अधिकांश जगहों पर पारा सामान्य स्तर से ऊपर रहा। हरियाणा के अंबाला में न्यूनतम तापमान 12.4 डिग्री और हिसार में 11 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि भिवानी और नारनौल में तापमान 6 से 6.5 डिग्री के बीच रहा। पंजाब के अमृतसर और गुरदासपुर में तेज ठंड रही, जहां तापमान 6 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहा। इसके अलावा लुधियाना में 7.6 डिग्री और पटियाला में 10.2 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रहा। दिल्ली में फरवरी की शुरुआत पिछले साल के मुकाबले ठंडी रही। रविवार को राजधानी का अधिकतम तापमान 24.6 डिग्री और न्यूनतम तापमान 12.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शहर की वायु गुणवत्ता खराब श्रेणी में रही और औसत एयर क्वालिटी इंडेक्स 265 रिकॉर्ड किया गया। 3 फरवरी यानी मंगलवार को हिमाचल प्रदेश के ऊंचे क्षेत्रों में ही बारिश-बर्फबारी की संभावना है। वहीं राजस्थान, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र में तेज बारिश का अलर्ट है। वहीं 4 फरवरी को दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश और राजस्थान में कोहरे की संभावना है। सिराज/ईएमएस 02फरवरी26 -----------------------------------