02-Feb-2026
...


- 4 जान बचाने नदी में कूदे 4 मजदूर, 3 बचे 1 लापता जबलपुर (ईएमएस)। भेड़ाघाट क्षेत्रांतर्गत ग्राम बंधी में नर्मदा पार कर रही एक डोंगी नाव अचानक भंवर के बीच फंसने से उसमें सवार चार मजदूर बचने के लिए नदी में कूदे जिनमें से तीन तो सही सलामत बच गए परंतु एक अथाह जल राशि में लापता हो गया। यह घटना बीती रात लगभग 8 बजे की बतायी जाती है। प्राप्त जानकारी के अनुसार रविवार रात लगभग 8 बजे पुलिस को इस हादसे की सूचना मिली जिसके बाद तत्काल एक टीम पावर प्लांट के समीप पहुंची। जहां मौजूद छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले के ग्राम बकालो निवासी गणेश्वर सिंह ठाकुर ने आपबीती सुनाते हुए बताया कि वे कुल 13 मजदूर काम के सिलसिले में यहां आए थे। घटना के वक्त चार श्रमिक डोंगी पर सवार होकर नदी पार करने का प्रयास कर रहे थे कि इसी बीच वे हादसे का शिकार हो गए। गणेश्वर के मुताबिक नदी पार करते जैसे ही उनकी छोटी सी नाव मझधार में पहुंची वहां पानी में भंवर बन रहा था जिसने नाव को अपनी गिरफ्त में ले लिया। नाव के डूबने की आशंका से घबराकर चारों श्रमिकों ने जान बचाने के उद्देश्य से उफनती नर्मदा में छलांग लगा दी। इस दौरान तीन मजदूर किसी तरह सुरक्षित किनारे तक पहुंचने में कामयाब रहे लेकिन उनका एक साथी पानी के तेज बहाव और भंवर के खिंचाव के कारण खुद को संभाल नहीं पाया और गहरे पानी में समा गया। पुलिस और स्थानीय गोताखोरों की मदद से लापता मजदूर की खोजबीन की गई तब तक काफी देर हो चुकी थी और उस श्रमिक की डूबने से मृत्यु हो गई। भेड़ाघाट थाना पुलिस अब चश्मदीदों के बयान दर्ज कर रही है। अजय पाठक / मोनिका / 02 फरवरी 2026/ 03.16