02-Feb-2026
...


तस्वीर सामने आते ही मेंडेलसन ने पीएम स्टार्मर की पार्टी से दिया इस्तीफा लंदन,(ईएमएस)। पूर्व ब्रिटिश राजदूत पीटर मैंडेलसन की अमेरिकी यौन अपराधी जेफ्री एपस्टीन से जुड़ी नई फाइल्स में एक तस्वीर सामने आई है। इसमें मैंडेलसन एक महिला के साथ सिर्फ अंडरवियर और शर्ट में नजर आ रहे हैं, महिला बाथरोब में है। तस्वीर सामने आने के बाद मैंडेलसन ने पीएम कीर स्टार्मर की लेबर पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। मंडेलसन ने कहा कि वे पार्टी को और शर्मिंदा नहीं होना देना चाहते, इसलिए पार्टी की सदस्यता छोड़ रहे हैं। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक नए दस्तावेजों में बैंक रिकॉर्ड दिखाए गए हैं, जिनमें 2003 और 2004 में एपस्टीन ने मैंडेलसन से जुड़े खातों में कुल 75,000 अमेरिकी डॉलर के तीन अलग-अलग भुगतान किए थे, हर भुगतान 25,000 डॉलर का था। पिछले साल सितंबर में एपस्टीन से उनके पुराने संपर्क सामने आने के बाद उन्हें पद से हटा दिया था। स्टार्मर ने मैंडेलसन पर टिप्पणी करते हुए कहा कि उन्हें पिछले साल ही राजदूत पद से हटा दिया था और अब वे इस पर कुछ नहीं कहना चाहते। अमेरिकी न्याय विभाग ने 30 जनवरी को जेफ्री एपस्टीन जांच से जुड़े करीब 30 लाख पन्नों के दस्तावेज, 2,000 वीडियो और 1.8 लाख तस्वीरें सार्वजनिक की हैं। रिपोर्ट के मुताबिक जारी दस्तावेजों में एक ईमेल सामने आया है, जिसमें 2009 में मंडेलसन ने एपस्टीन को बताया था कि वे ब्रिटिश सरकार पर बैंकर्स के बोनस पर टैक्स को लेकर लॉबिंग कर रहे हैं। दिसंबर 2009 के एक ईमेल में एपस्टीन ने मंडेलसन से पूछा था क्या बैंकरों के बोनस पर टैक्स सिर्फ कैश हिस्से पर लगाया जा सकता है। इसके जवाब में मंडेलसन ने लिखा कि वे इस पर जोर दे रहे हैं कि ऐसा ही हो, लेकिन ट्रेजरी इसका विरोध कर रही है। यह उस समय की बात है जब मंडेलसन बिजनेस सेक्रेटरी थे और वित्त मंत्री अलिस्टेयर डार्लिंग ने वित्तीय संकट के बाद बैंकों के बड़े बोनस पर सुपर टैक्स लगाया था। मंडेलसन के इस्तीफे के बाद लेबर पार्टी के प्रवक्ता ने कहा है कि पार्टी सभी शिकायतों को गंभीरता से लेती है और नियमों के मुताबिक जांच होगी। वहीं, विपक्षी पार्टी ने मंडेलसन की अमेरिका में राजदूत नियुक्ति पर स्वतंत्र जांच की मांग की है। कंजर्वेटिव प्रवक्ता ने कहा कि मंडेलसन पूरी तरह से बदनाम हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि स्टार्मर और उनके चीफ ऑफ स्टाफ ने एपस्टीन से संबंध होने के बावजूद मंडेलसन को राजदूत बनाया और सबूत बढ़ने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं की। अब पीएम की खराब निर्णय क्षमता को देखते हुए स्वतंत्र जांच जरूरी है। मंडेलसन के ब्राजीलियाई पति रेनाल्डो अविला दा सिल्वा का नाम भी इन फाइलों में आया है। 2009 में जब एपस्टीन जेल से रिहा होकर निकले थे, तब दा सिल्वा ने एपस्टीन को ईमेल करके ऑस्टियोपैथी कोर्स की फीस के लिए पैसे मांगे। उस समय मंडेलसन बिजनेस सेक्रेटरी थे और दा सिल्वा के साथ रिश्ते में थे। दा सिल्वा ने 3,225 डॉलर की फीस और अन्य खर्चों के लिए बैंक डिटेल्स भेजे। एपस्टीन ने तुरंत पैसे भेजने का वादा किया। मंडेलसन ने एपस्टीन को ईमेल करके कहा कि गिफ्ट टैक्स से बचने के लिए इसे लोन दिखाया जाए। कुछ दिन बाद दा सिल्वा ने धन्यवाद दिया कि पैसे उनके खाते में आ गए। 2010 में भी एपस्टीन ने दा सिल्वा को 13,000 डॉलर और हर महीने 2,000 डॉलर भेजने को कहा। सिराज/ईएमएस 02फरवरी26