क्षेत्रीय
02-Feb-2026
...


फिरोजाबाद(ईएमएस)। जनपद में साइबर ठगी के बढ़ते मामलों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए थाना साइबर क्राइम पुलिस ने फर्जी लोन एप के जरिए लोगों से ठगी करने और अवैध रूप से सिम कार्ड बेचने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने गिरोह के 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक आरोपी फरार बताया जा रहा है। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक फिरोजाबाद सौरभ दीक्षित के निर्देशन में, साइबर क्राइम एवं ठगी पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई। अपर पुलिस अधीक्षक नगर के निकट पर्यवेक्षण एवं क्षेत्राधिकारी साइबर क्राइम के नेतृत्व में थाना साइबर क्राइम पुलिस टीम ने भारत सरकार द्वारा संचालित समन्वय एवं प्रतिबिम्ब पोर्टल से प्राप्त शिकायतों की जांच के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपियों ने “महान किट प्रा. लि.” नाम से एक फर्जी कंपनी बनाकर कई नकली लोन एप तैयार कराए और उन्हें प्ले स्टोर व एप्पल स्टोर पर लॉन्च किया। जैसे ही कोई व्यक्ति एप डाउनलोड करता, आरोपी उसके यूपीआई खाते में कुछ रुपये ट्रांसफर कर देते और परमिशन के बहाने मोबाइल का पूरा डेटा एक्सेस कर लेते थे। इसके बाद ऊंची ब्याज दरों पर लोन रिकवरी के नाम पर पीड़ितों को धमकाया जाता था। यदि कोई व्यक्ति भुगतान से मना करता, तो उसके मोबाइल से ली गई तस्वीरों को एडिट कर उसे और उसके परिजनों को भेजा जाता था, जिससे डरकर पीड़ित मनचाही रकम देने को मजबूर हो जाता था। आरोपियों ने स्वीकार किया है कि वे अब तक करीब 800 लोगों से ठगी कर चुके हैं। गिरोह के दो आरोपी बाहर से आए मजदूरों और अशिक्षित लोगों के नाम पर सिम कार्ड निकलवाते थे। तकनीकी खराबी या अन्य बहाने बनाकर सिम उन्हें न देकर वही सिम ऊंचे दामों पर तथाकथित रिकवरी एजेंटों को बेच दी जाती थी। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 02 लैपटॉप 06 मोबाइल फोन थम्ब इम्प्रेशन रीडिंग मशीन भारी मात्रा में सिम कार्ड बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपी राघव पुत्र शिवनन्दन – जहारवीर नगर, थाना सिरसागंज रजनीश पुत्र श्रीकृष्ण यादव – कौरारा रोड बाईपास, थाना सिरसागंज सोनू पुत्र सर्वेश कुमार – जहारवीर नगर, थाना सिरसागंज नीलेश पुत्र रामप्रवेश – कुतुबपुर, थाना नसीरपुर पुष्पेन्द्र पुत्र रवीश कुमार – नगला कन्ही, थाना खैरगढ़ वांछित आरोपी महेश कुमार पुत्र अज्ञात, निवासी गुरुग्राम (हरियाणा), मैनेजर – महान किट प्रा. लि. पुलिस ने सभी गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर दिया है और फरार आरोपी की तलाश जारी है। ईएमएस