04-Feb-2026
...


मध्य प्रदेश के 20 जिलों में बारिश और दिल्ली में आंधी-तूफान का अलर्ट जारी नई दिल्ली,(ईएमएस)। उत्तर भारत में ठंड का प्रकोप जारी है। पहाड़ी राज्यों में हालिया बर्फबारी के बाद तापमान में भारी गिरावट आई है, जबकि मैदानी इलाकों में घना कोहरा और सर्द हवाएं लोगों की मुश्किलें बढ़ा रही हैं। मध्य प्रदेश, यूपी, बिहार समेत सात राज्यों में घना कोहरा छाया रहा। अंबाला, कानपुर, बरेली, प्रयागराज और ग्वालियर जैसे शहरों में सुबह 6:30 बजे विजिबिलिटी शून्य दर्ज की गई, जिससे सड़क और रेल यातायात प्रभावित रहा। उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के सभी जिलों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहा। बर्फबारी के कारण कई पहाड़ी इलाकों में सड़क संपर्क बाधित है। मैदानी राज्यों में उत्तर से चल रही ठंडी हवाओं ने ठिठुरन बढ़ा दी है। मौसम विभाग के मुताबिक दिल्ली में बिजली गिरने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चल सकती है। हरियाणा और चंडीगढ़ में भी इसी तरह के मौसम की आशंका जताई गई है। मौसम विभाग के मुताबिक अगले सात दिनों में पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र तीन पश्चिमी विक्षोभों से प्रभावित रहेगा। इसके चलते पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी और मैदानी क्षेत्रों में बारिश, ओलावृष्टि और ठंडी हवाएं चलने की संभावना है। पूर्वानुमान के मुताबिक 5 फरवरी को दिल्ली में घने कोहरे को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। पंजाब के 15 जिलों में भी घने कोहरे की चेतावनी दी गई है, जबकि मध्य प्रदेश के 20 जिलों में बारिश का अलर्ट है। 6 फरवरी को हिमाचल प्रदेश के चंबा, कुल्लू, लाहौल-स्पीति और किन्नौर में हल्की बर्फबारी और शिमला, मंडी और कांगड़ा में बारिश हो सकती है। विभाग के मुताबिक दिल्ली-एनसीआर और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में वायु गुणवत्ता एक बार फिर गंभीर स्तर पर पहुंच गई। गाजियाबाद, नोएडा और दिल्ली के कई इलाकों में एक्यूआई रेड जोन में दर्ज किया गया। घना कोहरा और नमी के कारण प्रदूषक तत्व वातावरण में लंबे समय तक बने हुए हैं। विशेषज्ञों ने बच्चों, बुजुर्गों और सांस की बीमारी से पीड़ित लोगों को सतर्क रहने और बाहर निकलने से बचने की सलाह दी है। सिराज/ईएमएस 04फरवरी26 -----------------------------------