क्षेत्रीय
04-Feb-2026
...


बिलासपुर (ईएमएस)। जिले में नशाखोरी, अड्डेबाजी,असामाजिक गतिविधियों और यातायात अव्यवस्था पर प्रभावी नियंत्रण के लिए बिलासपुर पुलिस ने आधुनिक तकनीक का सहारा लेते हुए ड्रोन आधारित विशेष निगरानी अभियान शुरू किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन में चल रहे इस हाई-टेक अभियान का उद्देश्य हर थाना क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करना तथा आम नागरिकों को सुरक्षित माहौल प्रदान करना है। ड्रोन से प्राप्त लाइव फुटेज के आधार पर पुलिस ने चिन्हित स्थानों पर त्वरित दबिश दी। इस दौरान नशा सेवन और अड्डेबाजी में संलिप्त पाए गए 15 संदिग्ध व्यक्तियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की गई। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, ड्रोन तकनीक से ऐसे स्थानों की पहचान आसान हुई, जहां सामान्य गश्त के दौरान पहुंच पाना कठिन होता है। सरकण्डा क्षेत्र (साइंस कॉलेज परिसर) में चल रहे मेला आयोजन की वजह से हो रही भीड़ को नियंत्रण व्यापार मेले के दौरान साइंस कॉलेज परिसर और आसपास के क्षेत्रों में ड्रोन के माध्यम से यातायात प्रबंधन और भीड़ नियंत्रण किया गया। ऊपर से की जा रही निगरानी के चलते यातायात को सुचारु रखा गया और किसी भी संभावित अव्यवस्था को समय रहते नियंत्रित किया गया, जिससे आम नागरिकों और व्यापारियों को राहत मिली। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि यह ड्रोन निगरानी अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा। प्रत्येक थाना क्षेत्र में इसका विस्तार कर अपराधों की रोकथाम, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने कहा कि, आधुनिक तकनीक के माध्यम से पुलिस व्यवस्था को और मजबूत किया जा रहा है। हमारा लक्ष्य है कि जिले का हर नागरिक स्वयं को सुरक्षित महसूस करे। बिलासपुर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें, किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत नजदीकी थाना या पुलिस हेल्पलाइन पर दें। ड्रोन की नजर में अपराध, और जनता की हिफाजत सर्वोच्च प्राथमिकता। मनोज राज/योगेश विश्वकर्मा 04 फरवरी 2026