- ओवरब्रिज पर क्लीनर की मौत और खेत में करंट का कहर! गुना (ईएमएस)। जिले के लिए बुधवार का दिन हादसों और सनसनीखेज वारदातों भरा रहा। अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुई तीन बड़ी घटनाओं ने जिले को झकझोर कर रख दिया है। कहीं बेरहमी से कत्ल कर लाश जंगल में फेंक दी गई, तो कहीं तेज रफ्तार बस ने अपने ही क्लीनर को कुचल दिया। वहीं, एक अन्य हादसे में करंट की चपेट में आने से एक महिला की मौत हो गई। इन घटनाओं ने पूरे प्रशासन और पुलिस महकमे को दिन भर भागदौड़ पर मजबूर कर दिया। भदौरा में सनसनीखेज मर्डर, गर्दन रेतकर उतारा मौत के घाट प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले के म्याना थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम भदौरा में बुधवार को हत्या की एक रोंगटे खड़ेे कर देने वाली वारदात सामने आई है। जंगल में मवेशी चराने गए एक वृद्ध चरवाहे की अज्ञात हमलावरों ने गला रेतकर निर्मम हत्या कर दी। इस घटना से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान रतिराम कुशवाह के रूप में हुई है। रतिराम रोज की तरह मंगलवार सुबह मवेशी चराने के लिए गांव से बाहर जंगल की ओर गए थे। इस दौरान वह रात को घर नहीं लौटे। चूंकि रास्ते में खेत पर रूक जाते थे तो परिजनों ने रात को उन्हें ढूंढ भी नहीं। बुधवार सुबह ग्रामीणों को जब जंगल के रास्ते गौशाला के पास उनका शव खून से लथपथ हालत में मिला। जिसकी सूचना ग्रामीणों ने परिजनों और पुलिस को दी। जानकारी के अनुसार हमलावरों ने किसी धारदार हथियार से उनकी गर्दन पर वार किया था, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। पुलिस जांच में जुटी सूचना मिलते ही म्याना थाना पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल गुना भिजवा दिया है। यहां पीएम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। म्याना पुलिस के जांच अधिकारी रविन्द्र सिंह सिकरवार ने बताया कि मामला हत्या का है, हत्या के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। परिवार के सदस्यों के बयान लिए जा रहे हैं और संदेहियों की तलाश शुरू कर दी गई है। प्रथम दृष्टया यह मामला किसी पुरानी रंजिश या अचानक हुए विवाद का लग रहा है। पुलिस ने जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने का दावा किया है। ओवरब्रिज पर दर्दनाक हादसा, बस ने अपने ही क्लीनर को कुचला दूसरी हृदयविदारक घटना शहर के बीजी रोड ओवरब्रिज पर बुधवार तडके करीब 5 बजे हुई। यहां एक बारात लेकर विदिशा जा रही शिव महिमा बस की चपेट में आने से 19 वर्षीय क्लीनर छोटू परिहार की मौत हो गई। मृतक के भाई प्रदुमन परिहार ने बताया कि छोटू बस का गेट खुला होने या अचानक संतुलन बिगडऩे के कारण चलते वाहन से नीचे गिर गया। इससे पहले कि वह उठ पाता, उसी बस का भारी पहिया उसके ऊपर से गुजर गया। छोटू की मौत की खबर ने हर किसी की आंखें नम कर दीं। वह महज 19 साल का था और उसके माता-पिता का साया पहले ही उठ चुका था। वह अपने भाई का इकलौता सहारा था और मेहनत-मजदूरी कर अपना जीवन यापन कर रहा था। कोतवाली पुलिस ने बस को जब्त कर ड्राइवर को हिरासत में ले लिया है। ड्राइवर पर लापरवाही और तेज रफ्तार का आरोप लगाया गया है। करंट का कहर, चारा लेने गई महिला ने तोड़ा दम तीसरी घटना धरनावदा थाना क्षेत्र के ग्राम झागर की है, जहां एक 50 वर्षीय महिला की करंट लगने से मौत हो गई। मृतका काशी बाई किरार बुधवार सुबह करीब 8 बजे अपने खेत पर पशुओं के लिए चारा लेने गई थीं। इसी दौरान खेत में लगे ट्यूबवेल के पास फैले कटीले तारों या कटे हुए बिजली के तार की चपेट में आने से उन्हें जबरदस्त करंट लगा। चीख-पुकार सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे और उन्हें जिला अस्पताल लेकर आए, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।