क्षेत्रीय
04-Feb-2026
...


नई दिल्ली (ईएमएस)। तीन नाबालिगों के मिलकर एक डिलीवरी बॉय की सरेबाजार चाकू से गोद कर हत्या के बाद आचार्य निकेतन मार्केट में काफी दहशत है। ईस्ट दिल्ली में यह पहली घटना नहीं है, जब नाबालिगों ने सरेआम बेरहमी से कत्ल किया हो। इस साल जनवरी में हुए तीन मर्डर में 13 नाबालिग शामिल पाए गए। एक जुवेनाइल रेप तो एक हत्या के प्रयास में पकड़ा गया। पुलिस अफसरों का कहना है कि जुर्म करने वाले नाबालिगों को बाल सुधार गृह भेजा जाता है। ईस्ट जिले के डीसीपी अभिषेक धानिया ने बताया कि मृतक के साथ आरोपियों की पुरानी रंजिश थी। मृतक एक नाबालिग की बहन को परेशान भी करता था। इससे मामला और भी बढ़ गया था। तीनों नाबालिगों को पकड़ लिया गया है और हत्या में इस्तेमाल हथियार भी बरामद कर लिया गया है। जांच में सामने आया है कि ईस्ट जिला के पांडव नगर इलाके के मयूर विहार स्थित आचार्य निकेतन मार्केट में सोमवार रात हुई अरुण राज (22) की हत्या में शामिल तीनों नाबालिग जानकार थे। दावा है कि अरुण ने एक नाबालिग का विडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया था। इसी झगड़े में सोमवार रात करीब 8 बजे तीन नाबालिगों ने अरुण पर दस से ज्यादा बार चाकू से वार किया। अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ ईएमएस/04/फरवरी/2026