व्यापार
04-Feb-2026
...


सेंसेक्स 78, निफ्टी 48 अंक ऊपर आया मुम्बई (ईएमएस)। भारतीय शेयर बाजार बुधवार को हल्की तेजी के साथ बंद हुआ। बाजार में ये बढ़त वै‎श्विक बाजारों से ‎मिलेजुले संकेतों के बीच ही खरीददारी हावी रहने से आई है। आज कारोबार के दौरान कंज्यूमर, ऑयल एंव गैस और एनर्जी शेयरों में जमकर खरीदारी हुई । दिन भर के कारोबार के बाद 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 78.56 अंक बढ़कर 83,817.69 और 50 शेयरों वाल एनएसई निफ्टी 48.45 अंक ऊपर आकर 25,776.00 पर बंद हुआ। मुख्य सूचकांकों में निफ्टी कंज्यूमर ड्यूरेबल्स, निफ्टी ऑयलएंडगैस , निफ्टी एनर्जी , निफ्टी कमोडिटीज , निफ्टी पीएसई , निफ्टी इन्फ्रा और तेजी के साथ बंद हुए। वहीं दूसरी ओर निफ्टी आईटी , निफ्टी इंडिया डिफेंस , निफ्टी सर्विसेज 0.42 और निफ्टी फार्मा 0.34 की कमजोरी के साथ बंद हुआ। लार्जकैप की जगह पर मिडकैप और स्मॉलकैप में अधिक उछाल रहा । निफ्टी मिडकैप 100 इंडेक्स 376.50 अंक की तेजी के साथ 59,683.60 और निफ्टी स्मॉलकैप 100 इंडेक्स 216.15 अंक बढ़कर 17,205.10 पर था।सेंसेक्स पैक में एनटीपीसी, अदाणी पोर्ट्स, पावर ग्रिड, मारुति सुजुकी, टाइटन, अल्ट्राटेक सीमेंट, भारती एयरटेल, आईसीआईसीआई बैंक के शेयर लाभ में रहे जबकि इन्फोसिस, टीसीएस, एचसीएल टेक, टेक महिंद्रा, एक्सिस बैंक के शेयर गिर। इससे पहले आज सुबह बाजारों में हल्की बढ़त दर्ज की गई। सभी प्रमुख सेक्टरों में खरीदारी देखी गई, हालांकि आईटी शेयरों में गिरावट के कारण बाजार की तेजी सीमित रही। सुबह शुरुआत के बाद सेंसेक्स 44 अंक की बढ़त के साथ 83,783 के स्तर पर कारोबार कर रहा था। वहीं निफ्टी 51 अंक चढ़कर 25,778 पर पहुंच गया। वहीं एशियाई बाजारों में चीन का शंघाई इंडेक्स फ्लैट रहा और शेनझेन में 0.88 फीसदी की गिरावट आई, जापान का निक्केई 0.6 फीसदी गिरा, और हांगकांग का हैंग सेंग इंडेक्स 0.73 फीसदी नीचे आया। दक्षिण कोरिया का कोस्पी 0.72 फीसदी बढ़ा। पिछले ट्रेडिंग सेशन में अमेरिकी बाजार ज्यादातर हरे निशान में बंद हुए, जबकि नैस्डैक में 1.43 फीसदी की गिरावट आई। एसएंडपी 500 में 0.84 फीसदी की गिरावट आई, और डॉव जोन्स 0.34 फीसदी नीचे आया। गत दिवस विदेशी संस्थागत निवेशकों ने 5,236 करोड़ रुपए के इक्विटी शेयर खरीदे, जबकि घरेलू संस्थागत निवेशकों ने 1,014 करोड़ रुपए के इक्विटी शेयर खरीदे। ईएमएस 04 फरवरी 2026